नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । Windows 10 इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए चिंता बढ़ गई है, क्योंकि माइक्रोसॉफ्ट ने इस महीने से Windows 10 का टेक्निकल और सिक्योरिटी सपोर्ट बंद करने का फैसला किया है। 14 अक्टूबर के बाद कंपनी Windows 10 के लिए कोई नया अपडेट या सुरक्षा पैच जारी नहीं करेगी। इसका मतलब है कि विंडोज 10 पर चलने वाले कंप्यूटर में आने वाली किसी भी सुरक्षा कमजोरी या बग को Microsoft ठीक नहीं करेगा। इससे यूजर्स की सुरक्षा जोखिम में आ सकती है और साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ जाएगा।
क्या Windows 10 कंप्यूटर बंद हो जाएंगे?
14 अक्टूबर के बाद Windows 10 पर चलने वाले सिस्टम और लैपटॉप काम करना बंद नहीं करेंगे, जैसा कि कुछ लोगों को लग रहा है। यह पूरी तरह से गलत है। 14 अक्टूबर के बाद भी ये सिस्टम पहले की तरह काम करते रहेंगे, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से अब इन डिवाइसेस के लिए कोई नए अपडेट या सुरक्षा पैच नहीं आएंगे। इसका मतलब यह होगा कि भविष्य में कोई सुरक्षा खामी या बग आएगा तो उसे ठीक नहीं किया जाएगा। हालांकि, विंडोज 10 की स्थिरता पर इसका कोई असर नहीं होगा। विंडोज 10 की शुरुआत जुलाई 2015 में हुई थी और अब एक दशक बाद इसका सपोर्ट बंद किया जा रहा है।
यूजर्स के लिए अभी भी है सुरक्षा का रास्ता
Windows 10 का सपोर्ट 14 अक्टूबर से समाप्त होने के बावजूद माइक्रोसॉफ्ट ने सुरक्षा प्रदान करने के लिए कुछ विकल्प दिए हैं। Windows Defender Antivirus का सपोर्ट अक्टूबर 2028 तक जारी रहेगा, जिससे Windows 10 यूजर्स को बेसिक सुरक्षा मिलती रहेगी। इसके अलावा, माइक्रोसॉफ्ट ने Extended Security Updates (ESU) प्रोग्राम की घोषणा की है।
15 अक्टूबर से यूजर्स इस प्रोग्राम को सब्सक्राइब कर सकते हैं। ESU के जरिए यूजर्स फ्री Windows बैकअप ले सकते हैं या 30 डॉलर (लगभग 2,650 रुपये) में एक साल की कवरेज प्राप्त कर सकते हैं, जिससे उन्हें अगले साल अक्टूबर तक सुरक्षा मिलती रहेगी। व्यापारिक उपयोगकर्ताओं के लिए ESU की कीमत 61 डॉलर (लगभग 5,400 रुपये) होगी और यह तीन साल तक रिन्यू किया जा सकता है।
यूजर्स के लिए ये वजह बन रही है परेशानी
अमेरिकी उपभोक्ता संगठन कंज्यूमर रिपोर्ट्स ने चेतावनी दी है कि लाखों यूजर्स ऐसे डिवाइसेस का इस्तेमाल कर रहे हैं जो Windows 11 पर अपग्रेड नहीं हो सकते। ऐसे में Windows 10 का सपोर्ट खत्म होने के बाद इन यूजर्स के लिए साइबर हमलों का खतरा बढ़ जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अगस्त तक 46% से अधिक यूजर्स Windows 10 का इस्तेमाल कर रहे थे और इनमें से अधिकांश Windows 11 की हार्डवेयर आवश्यकताओं को पूरा नहीं करते।





