back to top
21.1 C
New Delhi
Tuesday, March 31, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

जगराओं गोली कांड में जयपाल भुल्लर के दो साथी गिरफ्तार

चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने 15 मई को जगराओं की अनाज मंडी में सी.आई.ए. के सहायक सब इंस्पेक्टरों (एएसआईज़) भगवान सिंह और दलविन्दरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो मुख्य आरोपितों को गिरफ़्तार किया है। संदिग्ध व्यक्तियों बलजिन्दर सिंह उर्फ बब्बी जोकि गांव माहला खुर्द, मोगा का निवासी है और दर्शन सिंह जोकि जि़ला लुधियाना के गांव सहौली का निवासी है, जिन पर दो-दो लाख रुपये का इनाम रखा गया था, गैंगस्टर और नशा-तस्कर जयपाल भुल्लर के साथी हैं, जिनको शुक्रवार की शाम ग्वालियर (एम.पी.) के डाबरा से काबू किया गया। उनका एक और साथी हरचरन सिंह, जिसने उनको कथित तौर पर पनाह दी थी, को भी गिरफ़्तार कर लिया गया है। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने शनिवार को बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों से प्राथमिक पूछताछ से पता लगा है कि घटना वाले दिन जयपाल और जस्सी को राज्य से बाहर सुरक्षित किसी ठिकाने पर ले जाने के लिए बलजिन्दर जगराओं की अनाज मंडी में अपने कैंटर पर आया, जहां दर्शन उक्त गैंगस्टर और उसके साथी के लिए कुछ कपड़े लेकर आया। डीजीपी ने बताया कि सी.आई.ए. के दो एएसआई जो उस समय पर ड्यूटी पर थे, को कैंटर गाड़ी में नशीले पदार्थ देखकर शक हुआ और उन्होंने चालक को रोकने की कोशिश की। उन्होंने आगे बताया कि जब दोषियों को पुलिस ने घेरा तो दर्शन ने अपनी 0.32 पिस्तौल से एएसआईज़ पर गोलियाँ चला दीं और बाद में जयपाल और जस्सी के साथ आई-10 हुंडयी कार में मौके से फऱार हो गया। बब्बी कैंटर गाड़ी में घटना स्थल से फऱार हो गया और आगे कुछ दूरी पर जाकर अपने साथियों के साथ मिल गया और फिर सभी दोषी हरियाणा और राजस्थान की तरफ निकल गए। डी.जी.पी. ने बताया कि पड़ताल के दौरान ख़ुफिय़ा जानकारी मिली थी कि संदिग्ध व्यक्ति मध्य प्रदेश के ग्वालियर और आस-पास के इलाके में छिपे हो सकते हैं। इंस्पेक्टर पुशपिन्दर सिंह के नेतृत्व अधीन संगठित अपराध रोकथाम इकाई (ओ.सी.सी.यू.) की एक टीम को अगली जांच-पड़ताल के लिए तुरंत मध्य प्रदेश भेजा गया। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों की मुशक्कत के बाद, ओ.सी.सी.यू. की टीम संदिग्ध व्यक्तियों का पता लगाने में सफल रही और उनको बीती शाम ग्वालियर के नज़दीक डाबरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म से गिरफ़्तार कर लिया गया। गुप्ता ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति रेलगाड़ी में महाराष्ट्र जाने की योजना बना रहे थे। गुप्ता ने कहा कि गिरफ़्तार किए गए दोनों व्यक्तियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और दोनों को पहले भी दो अलग-अलग कत्ल के मामलों में दोषी ठहराया गया था। दरअसल वह जेल में सज़ा भुगतने के दौरान एक दूसरे के संपर्क में आए थे। जब कि दर्शन को अपनी सज़ा के दौरान छूट मिल गई थी, वहीं बलजिन्दर सिंह को सैशन कोर्ट, मोगा द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद हाइकोर्ट से ज़मानत मिल गई थी। दर्शन के खि़लाफ़ कथित तौर पर दो अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं और हाल ही में वह अफ़ीम की तस्करी में भी शामिल पाया गया था। डीजीपी ने कहा कि जयपाल भुल्लर उन कुछ गिने-चुने गैंगस्टरों में से एक है, जो अब तक गिरफ़्तारी से बचे हुए हैं। हालाँकि उसके करीबी साथी गैवी जिसके वह ज़्यादा समय तक साथ रहा, को पिछले महीने पंजाब पुलिस ने जमशेदपुर से गिरफ़्तार कर लिया था। गैवी जालंधर जि़ले में 11 किलो हेरोइन की बरामदगी के मामले में वांछित था। जयपाल और गैवी दोनों के पाकिस्तान और जम्मू आधारित नशा-तस्करों के साथ नज़दीकी सम्बन्ध हैं। उनका एक अन्य साथी जसप्रीत उर्फ जस्सी, जो जगराओं गोलीबारी के बाद फऱार है, को पहले मोहाली में हेरोइन की तस्करी के एक केस में गिरफ़्तार किया गया था और वह अगवा करने के केस में भी वांछित है। डी.जी.पी. ने आगे बताया कि फऱार संदिग्ध व्यक्तियों की खोज बड़े स्तर पर जारी है और उनको विश्वास है कि उनको भी जल्द ही गिरफ़्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि दो बहादुर एएसआईज़ का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और पुलिस फोर्स सभी दोषियों को पकड़ने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जयपाल भुल्लर और जसप्रीत उर्फ जस्सी बाबा की गिरफ़्तारी के लिए क्रमवार दस लाख और पांच लाख रुपये का इनाम रखा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/नरेंद्र जग्गा

Advertisementspot_img

Also Read:

एक्‍टर कमाल आर खान गिरफ्तार, लोकखंडवाला सोसाइटी फायरिंग मामले में हुई कार्रवाई

नई दिल्‍ली / रफ्तार डेस्‍क । मुंबई पुलिस ने शनिवार को अभिनेता कमाल आर खान (KRK) को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी अंधेरी वेस्ट स्थित...
spot_img

Latest Stories

दोस्तों के साथ बनाए इन जगहों पर घूमने का प्लान, सफर बनेगा खास

नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। अप्रैल का महीना घूमने के...

Vastu Tips: इन चीजों को न लेकर आएं घर, लगता है दोष होती है कंगाली

नई दिल्ली रफ्तार डेस्क। घर परिवार में सुख समृद्धि...
⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵