पटना,03 मई (हि.स.)। जिले के बिहटा स्थित इएसआईसी अस्पताल में कोरोना मरीजो का इलाज शुरु कर दिया गया है। इस अस्पताल में फिलहाल 100 बेडों पर कोरोना मरीजों का इलाज किया जायेगा। इस अस्पताल में बेड उपलब्ध होते ही मरीजो का आना जारी है रविवार तक यहां 17 मरीजों को भर्ती किया गया। यहां ऑक्सीजन की जरूरत वाले मरीजों के लिए सुविधाएं उपलब्ध है। डीआरडीओ की पहल पर यहां 200 बेड का अस्पताल शुरु किया गया है। जिसमें से पहले 100 बेड की तत्काल सेवाएं दी जा रही हैं। अगले तीन दिनों में इस अस्पताल में 100 और बेड की व्यवस्था कर दी जाएगी। यहां कोरोना मरीजों के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती कर दी गयी है। उल्लेखनीय है कि पिछली बार बिहटा इएसआईसी अस्पताल में 500 ऑक्सीजन बेड का कोविड अस्पताल बनाया गए था। मगर इस बार अबतक 200 बेड की सेवाएं दी गई है। जिसमें से फिलहाल 100 बेड ही तत्काल रूप से उपलब्ध हैं। इलाज शुरू होते ही अधिकारियों का यहां आना जारी है। ताकि किसी तरह की कमी अस्पताल में न हो । जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा कोविड अस्पताल का निरीक्षण कर चुके है । बिहटा इएसआईसी अस्पताल में 500 ऑक्सीजन बेड उपलब्ध हैं। काफी प्रयास के बावजूद मात्र 50 बेड पर ही मरीजों को भर्ती व इलाज की कार्रवाई की जा सकी थी। बाद में जिला प्रशासन ने अपने स्तर पर अस्पताल में 100 आइसीयू बेड पूरी तरह तैयार की। इसके साथ ही 100 और बेड को भी पूर्ण रूप से तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इस अस्पताल में लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति जिला स्तरीय ऑक्सीजन प्रबंधन कोषांग की ओर से उद्योग विभाग में गठित कोषांग से समन्वय स्थापित कर की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/चंदा




