नई दिल्ली, रफ्तार। इस साल टी-20 वर्ल्ड कप है। जून में यूएसए और वेस्टइंडीज में टूर्नामेंट के मैच खेले जाएंगे। इस बीच आईसीसी ने 2023 की टी-20 इंटरनेशनल की बेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। आईसीसी द्वारा घोषित टॉप-11 खिलाड़ियों में भारतीय टीम के खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में पहला ही नाम टीम इंडिया के स्टार यशस्वी जायसवाल का है। जायसवाल को पिछले साल टी-20 इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिला था। इसके बाद वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके साथ दूसरे ओपनर के रूप में इंग्लैंड के फिल साल्ट को जगह मिली है।
सूर्यकुमार बने बेस्ट कप्तान, निकोलस पूरन विकेट कीपर
आईसीसी की टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में वेस्टइंडीज के धाकड़ खिलाड़ियों में एक निकोलस पूरन को जगह दी गई है। उन्होंने पिछले साल 13 टी-20 इंटरनेशनल पारियां खेली। उसमें से 3 ही बार ऐसा हुआ कि वे डबल डिजिट में नहीं पहुंच सके। सूर्यकुमार यादव को न केवल टीम में चुना गया है, बल्कि उन्हें टीम का कप्तान बनाया गया है। टी-20 की रैंकिंग में भी नंबर एक बल्लेबाज बने हैं। साल के आखिरी में उन्हें टीम इंडिया की कप्तानी का भी मौका मिला।
टीम में रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह भी
न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन, जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा, युगांडा के अल्पेश रमजानी, आयरलैंड के मार्क अडायर तो टीम में हैं। इसके साथ ही भारत के स्पिनर रवि बिश्नोई भी टीम में जगह बनाई है। जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा और भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी टीम में दिख रहे हैं। खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





