नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बम की धमकी के चलते सोमवार को मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयरइंडिया की फ्लाइट को दिल्ली में लैंड कराया गया है। सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया है। सभी यात्री दिल्ली- एयरपोर्ट टर्मिनल पर हैं। इस फ्लाइट में बम होने की धमकी सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर दी गई थी।
दिल्ली में फ्लाइट को लैंड कराया गया
IGI पर मौजूद पुलिस DCP ऊषा रंगनानी ने बताया कि मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को बम की धमकी के कारण दिल्ली में लैंड करा दिया गया है। विमान में सवार यात्रियों और क्रू के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
सभी यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर हैं
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि ‘मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 119 को 14 अक्टूबर को सुरक्षा अलर्ट दिया गया। सरकार की सुरक्षा नियामक समिति के निर्देश पर इसे दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया है। सभी यात्री उतर गए हैं और दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल पर हैं। हमारे सहकर्मी अचानक हुई असुविधा के लिए यात्रियों की परेशानी को कम करने का काम कर रहे हैं।’
फ्लाइट ने 2 बजे टेक ऑफ किया था
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-119 ने मुंबई एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क के जेएफके एयरपोर्ट के लिए देर रात करीब 2 बजे उड़ान भरी थी। इसके कुछ देर बाद ही फ्लाइट में बम होने की खबर मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया और फ्लाइट को दिल्ली की ओर डायवर्ट कर दिया गया।
इससे पहले 22 अगस्त को भी मिली थी धमकी
इससे पहले इसी तरह की धमकी 22 अगस्त को भी दी गई थी। उस समय यह कहा गया था कि एयर इंडिया के एक विमान में बम है, वह फ्लाइट मुंबई से तिरुवनंतपुरम जा रही थी जिसके बाद हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लगाई गई थी।





