नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। त्रिची से शरजाह के लिए जाने वाली Air India के एक विमान में खराबी आ गई। विमान में टेक ऑफ के तुरंत हाइड्रॉलिक फेलियर की वजह से प्लेन की त्रिची एयरपोर्ट पर ही एमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। लैंडिंग से पहले विमान करीब आधे घंटे तक Trichy Airport के ऊपर ही चक्कर लगाता रहा, इसके बाद उसकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।
विमान में 140 यात्री सवार थे। टेक्निकल ग्लिच की सूचना के बाद एयरपोर्ट को अलर्ट पर रखा गया। आपात स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर 20 से ज्यादा एम्बुलेंस तैनात किए गए, इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बड़ी संख्या में बुलाई गई थीं। वहीं, आसपास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया था।
एयरपोर्ट डायरेक्टर गोपाल कृष्णन ने न्यूज़ एजेंसी ANI को बताया, ‘त्रिची से शरजाह के लिए जाने वाली Air India फ्लाइट में टेक्निकल प्रॉब्लम आ गई। फिलहाल प्लेन से इंधन कम करने के लिए उसे एयरपोर्ट के ऊपर ही उड़ाया जा रहा है। इसके बाद त्रिची एयरपोर्ट पर ही उसकी लैंडिंग करवाई जाएगी। आपात स्थिति को देखते हुए 20 से ज्यादा एम्बुलेंस और फायर टेंडर एयरपोर्ट पर तैनात कर दिए गए हैं।’
फ्लाइट की लैंडिंग के बाद मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन ने कहा, ‘ तिरुचिरापल्ली से शरजाह जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस फ्लाइट IX 613 की सुरक्षित लैंडिंग करवा ली गई है। DGCA पूरी स्थिति पर नज़र बनाए हुए थे। लैंडिंग गियर काम कर रहा था। फ्लाइट को सामान्य लैंडिंग कराई गई है। एयरपोर्ट को अलर्ट मोड पर रखा गया था।’





