नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी पटना के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीवीआईपी इलाके पोलो रोड में गुरुवार को एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। मंत्री अशोक चौधरी के सरकारी आवास के मुख्य गेट पर एक युवक को गोली मार दी गई। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है क्योंकि यहीं पास में राजद नेता तेजस्वी यादव का भी बंगला है।
हमलावरों ने युवक को मारी गोली, 400 रुपये भी लूटे
पुलिस के अनुसार, घायल युवक का नाम राहुल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो हमलावर बाइक पर सवार होकर आए और गेट के बाहर खड़े युवक को गोली मार दी। हमले के बाद उन्होंने उससे 400 रुपये भी लूट लिए और फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोलियों का खोखा बरामद किया है और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
मंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजों का भी है इसी इलाके में आवास
यह घटना पटना के सबसे सुरक्षित कहे जाने वाले पोलो रोड वीआईपी इलाके में हुई है, जहां कई मंत्रियों, अधिकारियों और जजों के सरकारी आवास स्थित हैं। तेजस्वी यादव का आवास भी इसी सड़क पर है। ऐसे में इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
नए SSP के कार्यभार संभालने के दिन ही हुई घटना
बड़ी बात यह है कि पटना के नए SSP कार्तिकेय शर्मा ने आज ही अपना कार्यभार संभाला है। ऐसे में उनके पहले ही दिन हुई यह वारदात उनके लिए एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है। कुछ दिन पहले आलमगंज थाना क्षेत्र में एक महिला और उसकी बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ था। पटना से सटे दानापुर में श्रवण कुमार नाम के युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
राजधानी पटना में एक के बाद एक हो रही इन आपराधिक घटनाओं ने लोगों के मन में डर और आक्रोश पैदा कर दिया है। सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में गोलीबारी से पुलिस की तैयारियों और गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि सरकार और पुलिस प्रशासन इन घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई करें और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।




