नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित एक बैंक में काम करने वाली महिला ने ऑफिस में बॉडी शेमिंग होने और मानसिक यातना से परेशान होकर आत्महत्या कर लिया। मृतका की पहचान गाजियाबाद निवासी शिवानी त्यागी के रूप में हुई है। वो नोएडा में स्थित एक्सिस बैंक की एक शाखा में रिलेशनशिप मैनेजर थीं। पिछले शुक्रवार को उन्होंने अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर लिया। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि- ऐसा लगता है कि उन्हें उनके कार्यस्थल पर धमकाया और परेशान किया जा रहा था। इसके अलावा उनकी बॉडी शेमिंग की जाती थी।
सुसाइड नोट हुआ बरामद
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें 5 लोगों पर अपमान करने का आरोप लगाया गया है और उनके लिए मौत की सजा मांगी गई है। इस संबंध में परिजनों ने बताया कि उन्होंने कभी इस संबंध में जानकारी घर पर नहीं दी। अपने आखिरी समय में शिवानी ने परिवार को ऑफिस में होने वाले अपमान के बारे में बताया।
बार-बार किया जाता था परेशान
वहीं शिवानी के भाई गौरव त्यागी ने एक महिला सहकर्मी के बारे में बताया जो उनपर अक्सर टिप्पणी करती रहती थी। वो महिला शिवानी के ड्रेसिंग सेंस, उनके खाने की आदतों और उसके बोलने के तरीके पर बार-बार परेशान करती रहती थी। कार्यस्थल पर शिवानी को अलग-अलग नामों से बुलाया जाता था। लोग उसे लगातार शर्मिंदा करते रहते थे।
एक महिला सहकर्मी ने किया था हमला
शिवानी के भाई ने ये भी आरोप लगाया कि एक महिला सहकर्मी ने उनकी बहन पर हमला किया था। जिसके बाद शिवानी ने उसे थप्पड़ मार दिया था। भाई ने दावा किया है कि शिवानी ने कई बार इस्तीफा देने की कोशिश की लेकिन हर बार कंपनी ने इसे अस्वीकार कर दिया। परिवार का दावा है कि थप्पड़ वाली घटना के बाद कंपनी ने शिवानी को बर्खास्तगी का नोटिस दिया था। परिवार ने ये भी आरोप लगाया है कि शिवानी ने कई बार इस संबंध में शिकायत की लेकिन किसी ने इसपर कार्रवाई नहीं की।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें :- www.raftaar.in





