बड़वानी, 08 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय बड़वानी में तीन तलाक का एक और मामला पुलिस थाने में दर्ज हुआ है। फरियादी महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड क्रमांक 11 में महार मोहल्ले में रहने वाली उम्मेद शेख ने पति जावेद शेख के विरुध्द 3 तलाक का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने अपने पति पर मारपीट करने एवं मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि शादी के 14 वर्ष होने के बाद भी पति के द्वारा शक किया जाता है और किराये के मकान में रहने के बावजूद घर पर छोड़कर चला गया। कई दिनों के बाद आने पर घर के दरवाजे से ही 3 तलाक बोलकर चला गया, जबकि बच्चों ने भी पति को रोकने की कोशिश की थी। नगर निरीक्षक राजेश यादव ने बताया कि महिला के आवेदन पर पति जावेद शेख के विरुद्ध मुस्लिम महिला सरंक्षण अधिनियम की धारा 3 एवं 4 के अंर्तगत मामला दर्ज कर जाँच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश राठौर




