नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी मिली है। इस बारे में सांसद ने खुद सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की। पटना एसएसपी से इस मामले पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। सांसद को धमकी में 10 दिन में खत्म कर देने जैसी बात कही गई है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल नेता उपेंद्र कुशवाहा ने धमकी की जानकारी गुरुवार (19 जून, 2025) की रात सोशल मीडिया से दी है। उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कर मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने एक्स पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा-“आज शाम 8:52 PM से 9:20 PM के बीच मुझे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मोबाइल नंबर +916305129156 और +919229567466 से लगातार 7 धमकी भरे कॉल आए। साथ ही मोबाइल नंबर +917569196793 से 8 बजकर 57 मिनट पर MMS/SMS के माध्यम से कहा गया कि यदि राजनीतिक रूप से एक पार्टी विशेष पर बोलते रहे तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। 10 दिन में खत्म कर देने जैसी बातें भी कही गई।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने इस मामले में पटना पुलिस अधिकारियों को जानकारी देकर उस पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने पोस्ट के जरिए कहा है, “SSP पटना तत्काल संज्ञान लें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की धमकियां स्वीकार नही की जा सकती है। इस पूरे व्यवधान को तुरंत समाप्त किए जाने की अपेक्षा है।”
सांसद के पोस्ट पर पटना पुलिस का कमेंट
उपेंद्र कुशवाहा के इस एक्स पोस्ट पर पटना पुलिस ने कमेंट कर कार्रवाई करने की बात कही है। कमेंट में साइबर थाने को टैग कर लिखा गया है, “साइबर थाने को सूचना प्रेषित कर दी गई है। जाचं के बाद आवश्यक विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
पप्पू यादव को भी मिली थी कई बार धमकी
बता दें कि, यह कोई पहला मामला नहीं है जब लॉरेंस गैंग से धमकी मिली हो, इससे पहले पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर कई बार धमकियां मिली हैं। उन्होंने भी इस बारे में पुलिस से शिकायत की थी। अब RLM प्रमुख को ऐसे समय में धमकी मिली है जब आज (20 जून, 2025) बिहार में प्रधानमंत्री मोदी आने वाले हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस के हाथ इस मामले में क्या कुछ लगता है।





