नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप व हत्या केस को लेकर आज 30 अगस्त को कोलकाता में TMC और BJP दोनों पार्टियां विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। जहां BJP महिला मोर्चा ‘ताला लगाओ अभियान’ के तहत राज्य महिला आयोग के ऑफिस का घेराव करेगी। तो वहीं TMC छात्र संघ के लोग भी राज्य के सभी कॉलेजों में प्रदर्शन कर रहे हैं।
31 अगस्त को TMC पूरे बंगाल में देगी धरना
इस प्रदर्शन के दौरान TMC के द्वारा केंद्र सरकार से आरोपियों को मौत की सजा देने के लिए कानून पारित करने की मांग की जा रही है। इसके अलावा TMC ने 31 अगस्त को भी राज्य के सभी ब्लॉक में धरना देने का ऐलान किया है।
अमित शाह से मिलने दिल्ली पहुंचे बंगाल के राज्यपाल
वहीं राज्य में तनाव की स्थिति को लेकर बंगाल के गवर्नर दिल्ली दौरे पर हैं। गवर्नर डॉ. सीवी आनंब बोस ने आज दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बता दें कि, उनका एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा दिल्ली दौरा है।
27 अगस्त को निकाली गई थी नबन्ना रैली
बता दें कि, कोलकाता रेप व हत्या मामले को लेकर 27 अगस्त को छात्र प्रदर्शनकारियों ने नबन्ना रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पूरे कोलकाता में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और कई छात्रों को हिरासत में ले लिया। जिसका विरोध करते हुए बीजेपी ने घटना के अगले दिन 28 अगस्त को बंगाल बंद बुलाया। इस बंद के दौरान पश्चिम बंगाल के कई जिलों में BJP और पुलिस के बीच भिड़ंत हुई। जिसमें कई नेताओं और पार्टी के वर्करों को हिरासत में लिया गया।
भाटपारा में BJP नेता पर की गई थी फायरिंग
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के भाटपारा में भाजपा नेता प्रियंगु पांडे की कार फायरिंग की गई। प्रियंगु के अनुसार TMC के लगभग 50-60 लोगों ने उनपर हमला किया और उनकी गाड़ी पर 6-7 राउंड फायरिंग की। इन्होंने बताया कि इस घटना में 2 लोग गोली लगने से घायल हो गए।





