नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। गुरुद्वारा सिख सभा में प्रधान का चुनाव लड़ने के लिए एक शख्स को रुपए की काफी जरूरत थी। इसी बीच ट्रेवल्स एजेंसी में काम करने वाले उसके भांजे की सूचना पर उसने विदेश जा रहे व्यक्ति से विदेशी मुद्रा की लूट की योजना बनाई। फिर उसकी सूचना पर करीब 4-5 बदमाशों ने एयरपोर्ट जा रहे व्यक्ति को घेर लिया और कार चालक समेत पीड़ित की आंख में लाल मिर्च पाउडर डालकर और हथियार दिखाकर उससे लूटपाट की और अपनी कार से फरार हो गए। हालांकि जब मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंची तो दक्षिण-पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की और एक-एक कड़ी जोड़कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जिनमें से एक आरोपित आमरिक प्रसिद्ध गायक दिलेर मेहंदी का बाउंसर भी रह चुका है। डीसीपी इंगित प्रपात सिंह ने गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आमरिक उर्फ रिंकू, गुरनाम सिंह, गुरमुख सिंह और मानवीर सिंह उर्फ डिंपी के रूप में हुई है। सभी आरोपित निलोठी एक्सटेंशन के रहने वाले बताए जा रहे हैं।आरोपितों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो कारतूस, वारदात इस्तेमाल कार, लूटी गई 9000 साउदी रियाल, मोबाइल फोन व अन्य सामान भी बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित सज्जन सिंह, अमरजीत टपोरी उर्फ गुल्ला और बाबू सिंह उर्फ डीसी की तलाश कर रही है। एयरपोर्ट जाते हुए धौलां कुआं पर हुई लूट… पुलिस अधिकारी ने बताया कि गत 22 अप्रैल को दिल्ली कैंट थाने में हथियार के बल पर लूट की सूचना मिली थी। मौके पर शिकायतकर्ता गौरव धीमन ने बताया कि वे देर रात आईजीआई एयरपोर्ट पर दुबई के लिए फ्लाईट लेने के लिए अपने ट्रैवल एजेंट की कार में सुजीत पांडेय और प्रताप सिंह के साथ जा रहे थे। जैसे ही वे चलने लगे, अचानक से चार लोग उनकी कार के पास आए और उनकी आंखों में लाल मिर्च डाल दिया। फिर हथियार तानकर जान से मारने की धमकी दी और सारा सामान लूटकर फरार हो गए। जिसमें अन्य सामान के साथ 15000 साउदी रियाल भी थे। शिकायत पर स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और एक पेट्रोल पम्प के पास से जरूरी जानकारी जुटाई गई। फिर एक दिन चश्मदीद प्रताप की सूचना पर पुलिस ने एक आरोपी गुरमुख सिंह की पहचान कर ली और छापेमारी कर वारदात में शामिल उसके एक साथी आमरिक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने पूरी पोल पट्टी खोल दी, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथ गुरमुख, मानवीर और गुरनाम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित गुरनाम सिंह ही ट्रैवल एजेंट प्रताप सिंह के पास काम करता था। गुरनाम सिंह ने बताया कि उसके मामा सज्जन सिंह गुरुद्वारा सिख सभा में प्रधान का चुनाव लड़ना चाहते थे, जिसके लिए रुपए की जरूरत थी। उन्हीं के साथ गुरनाम व अन्य लूट की योजना बनाई, जिसके लिए कुछ लोगों को मेरठ से बुलाया गया। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी शर्मा




