नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। देशभर में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं और स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है, मरीज प्लाज्मा, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य दवाइयों के लिए दर दर की ठोकरें खा रहे हैं। ऐसे में समाज सेवी योगिता भयाना ने फिल्मी सितारों और नेताओं से प्लाज्मा डोनेट करने की गुजारिश की है। योगिता भयाना ने एक वीडियो जारी कर कहा कि, नेताओं और फिल्मी सितारों से गुजारिश करती हूं जो भी कोविड से ठीक हुये हैं वो आगे आ कर प्लाजमा डोनेट करें। करोड़ों की संख्या में लोग आप सभी को फॉलो करते हैं यदि आप ऐसा करेंगे तो लोग प्रभावित होंगे और वो भी प्लाज्मा डोनेट करेंगे, इसलिए आगे आएं और प्लाज्मा डोनेट करें। हालांकि उन्होंने ट्वीट कर अभिनेता वरुण धवन, विक्की कौशल, कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री आलिया भट्ट को इस वीडियो में टैग किया है। दरअसल दिल्ली और अन्य कोरोना प्रभावित राजयों में लोग अपने परिजनों के लिए एक जगह से दूसरी जगह भटक रहे हैं। लोगों को मरीजों के लिए प्लाज्मा नहीं मिल रहा है, वहीं कई लोग ऐसे भी हैं, जो की कोरोना को मात दे चुके हैं, लेकिन प्लाज्मा डोनेट करने को तैयार नही हैं। –आईएएनएस एमएसके/एएनएम




