नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे 23 नंवबर को सामने आ गए थे जिसमें बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। चुनावी नतीजों के 11 दिन बाद महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग गई है। देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी की कोर कमेटी में सर्वसम्मति से इस बात पर फैसला लिया गया है। दरअसल, केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और विजय रुपाणी महाराष्ट्र पहुंचे थे जिनकी मौजूदगी में इस फैसले की घोषणा।
चंद्रकांत पाटिल ने रखा देवेंद्र फडणवीस के नाम का प्रस्ताव
मुंबई के विधानमंडल में आयोजित BJP की विधायक दल की बैठक में चंद्रकात पाटिल ने विधायक दल के नेता के तौर पर देवेंद्र फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा। चंद्रकांत पाटिल के इस प्रस्ताव का पंकजा मुंडे और आशीष शेलार समेत कई विधायकों ने समर्थन किया। हालांकि डिप्टी सीएम के लिए एकनाथ शिंदे और अजित पवार का नाम सामने आ रहा है। इसमें कितनी प्रमाणिकता है ये आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ हो पाएगा।
आज ही पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा
BJP विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस आज ही राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। जबकि कल 5 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम मुंबई के आजाद मैदान में हो सकता है। इस कार्यक्रम में केवल मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ही शपथ लेंगे। विधायक दल का नेता चुने जान के बाद देवेंद्र फडणवीस ने एकनाथ शिंदे और अजित पवार का साथ मिलने को लेकर कहा कि हमें जनता को किए गए वादे भी पूरे करने हैं और अपने दोस्तों को भी साथ लेकर चलना है। महाराष्ट्र लोगों को यह आश्वासन भी दिया कि राज्य सरकार महाराष्ट्र की भलाई के लिए 24 घंटे काम करेंगे।




