नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद अगले सीएम को लेकर तस्वीर साफ होती हुई नजर आ रही है। बुधवार को प्रेस को संबोधित करते हुए एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से दावेदारी छोड़ने के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जो भी निर्णय लेंगे मुझे वो मंजूर होगा।
BJP का सीएम मुझे मंजूर है- एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने प्रेस कांफेंस कर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि “पीएम मोदी और अमित शाह ने हमेशा मेरा और मेरी सरकार का मार्गदर्शन किया। बीजेपी का आलाकमान जो भी फैसला लेगा वो मुझे मंजूर होगा।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कल दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ महायुति के तीनों घटक दलों की मीटिंग होगी। इस मीटिंग के बाद व्यापक चर्चा करने के बाद सीएम पद के चेहरे पर मुहर लग जाएगी। इस मौके पर प्रेस को संबोधित करते हुए शिंदे ने अपनी सरकार के किए गए कामों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 124 निर्णय लिए जो जनता के हित में लिए गए हैं।
चुनावी जीत के लिए जनता का धन्यवाद किया
एकनाथ शिंदे ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत के साथ ही जनता को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हमें पहले कभी इतना बड़ा जनमत नहीं मिला था, महाराष्ट्र की जनता का इतनी बड़ी संख्या में वोट देने के लिए धन्यवाद। शिंदे ने कहा कि “मैने कभी खुद को सीएम नहीं माना बल्कि मैने हमेशा ही खुद को आम आदमी की तरह ही पाया है। इस मौके पर उन्होंने लाड़की बहना योजना का जिक्र करते हुए भी कहा कि मै अपनी लाड़की बहना का लाड़का भाई हूं ओर हमेशा रहूंगा।”




