नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सर्दियों का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतनी ही परेशानियां भी साथ लेकर आता है। इस मौसम में त्वचा को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है, लेकिन ज्यादातर लोग चेहरे की स्किन पर तो ध्यान देते हैं, जबकि हाथों को नजरअंदाज कर देते हैं। नतीजा यह होता है कि हाथ रूखे, बेजान और फटने लगते हैं। ठंडी हवा, पानी की कमी, बार-बार हाथ धोना और केमिकल युक्त साबुन हाथों की नेचुरल नमी को खत्म कर देते हैं। कई बार तो महंगी हैंड क्रीम लगाने के बाद भी खास असर नजर नहीं आता। ऐसे में लखनऊ स्थित Glorious Makeup Studio And Academy By Kaurs की ब्यूटी एक्सपर्ट अमरीश कौर कुछ आसान लेकिन असरदार टिप्स बता रही हैं, जिन्हें अपनाकर सर्दियों में भी हाथों को मुलायम और खूबसूरत रखा जा सकता है।
बार-बार हाथों को करें मॉइस्चराइज
सर्दियों में हाथों को बार-बार मॉइस्चराइज करना बेहद जरूरी होता है। हर बार हाथ धोने के बाद हैंड क्रीम जरूर लगाएं। ऐसी क्रीम चुनें जिसमें शीया बटर, ग्लिसरीन या एलोवेरा जैसे मॉइस्चराइजिंग तत्व मौजूद हों। इससे स्किन की नमी लंबे समय तक बनी रहती है और ड्राइनेस कम होती है।
रात में करें ओवरनाइट केयर
दिनभर की देखभाल के बाद रात की केयर सबसे ज्यादा असर दिखाती है। सोने से पहले हाथों पर पेट्रोलियम जेली, नारियल तेल या विटामिन ई ऑयल लगाएं। इसके बाद कॉटन के ग्लव्स पहन लें। पूरी रात पोषण मिलने से सुबह हाथ मुलायम और स्मूद महसूस होंगे।
हफ्ते में एक बार एक्सफोलिएशन जरूरी
सिर्फ चेहरे ही नहीं, हाथों की स्किन को भी एक्सफोलिएशन की जरूरत होती है। हफ्ते में एक बार चीनी और ऑलिव ऑयल मिलाकर हल्के हाथों से स्क्रब करें। इससे डेड स्किन हटेगी और नई स्किन को सांस लेने का मौका मिलेगा। स्क्रब के बाद मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें।
क्यूटिकल केयर और सनस्क्रीन भी है जरूरी
नाखूनों के आसपास की स्किन यानी क्यूटिकल की देखभाल भी हाथों की खूबसूरती के लिए जरूरी है। रात में क्यूटिकल ऑयल या बादाम तेल लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। इससे नाखून मजबूत होंगे। इसके अलावा दिन में बाहर निकलते समय SPF वाली हैंड क्रीम या सनस्क्रीन जरूर लगाएं, क्योंकि सर्दियों में भी धूप स्किन को नुकसान पहुंचाती है।
ग्लव्स पहनने की आदत डालें
ठंडी हवा और तेज धूप दोनों ही हाथों की नमी छीन लेते हैं। बाहर निकलते समय ऊनी या लेदर ग्लव्स जरूर पहनें। वहीं घर के काम करते वक्त, जैसे बर्तन धोते समय, सफाई या गार्डनिंग करते हुए रबर ग्लव्स का इस्तेमाल करें, ताकि हाथ सीधे पानी और केमिकल के संपर्क में न आएं।
माइल्ड साबुन का करें इस्तेमाल
सर्दियों में हार्श और केमिकल युक्त साबुन हाथों को और ज्यादा रूखा बना देते हैं। ऐसे में माइल्ड और मॉइस्चराइजिंग क्लींजर का इस्तेमाल करें। बहुत ज्यादा गर्म पानी से हाथ धोने से बचें, इसकी जगह गुनगुना पानी बेहतर विकल्प है।
छोटी आदतें, बड़ा असर
अगर आप रोजमर्रा की इन छोटी-छोटी आदतों को अपनाती हैं, तो सर्दियों में भी आपके हाथ मुलायम, हेल्दी और खूबसूरत बने रहेंगे। सही केयर से न सिर्फ ड्राइनेस दूर होगी, बल्कि हाथों की नेचुरल चमक भी लौट आएगी। सर्दियों में हाथों को नजरअंदाज न करें, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है।




