नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आजकल 30 की उम्र पार करते ही चेहरे पर झुर्रियां और फाइन लाइन्स दिखने लगती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय से पहले एजिंग की सबसे बड़ी वजह अनियमित जीवनशैली और स्किन केयर में लापरवाही है। प्रदूषण, धूप, तनाव और गलत प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल त्वचा को समय से पहले बूढ़ा बना सकता है। ऐसे में जरूरी है कि रोजमर्रा की दिनचर्या में कुछ बुनियादी बातों को शामिल किया जाए, ताकि त्वचा लंबे समय तक स्वस्थ और दमकती रहे।
सुबह की शुरुआत सही सफाई से’
त्वचा की देखभाल की पहली शर्त है नियमित और सही क्लीनिंग। सुबह उठकर कॉटन पैड या माइल्ड क्लींजर से चेहरे की सफाई करें, ताकि रातभर जमा ऑयल और गंदगी हट सके। बाहर से लौटने के बाद भी चेहरा जरूर धोएं। ध्यान रखें कि हार्श साबुन या बार-बार स्क्रब करने से त्वचा की प्राकृतिक नमी खत्म हो सकती है। किसी भी स्क्रबर या फेसवॉश का इस्तेमाल करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है। सफाई के बाद मॉइस्चराइज़र लगाना न भूलें। बढ़ती उम्र में त्वचा रूखी होने लगती है, जिससे रिंकल्स जल्दी उभरते हैं। ऐसे में हाइड्रेशन बेहद जरूरी है।
सनस्क्रीन है सबसे बड़ा कवच
धूप में मौजूद यूवी किरणें एजिंग की प्रक्रिया को तेज करती हैं। इसलिए घर से बाहर निकलते समय कम से कम SPF 50 वाला सनस्क्रीन लगाना जरूरी है। इसे हर 2-3 घंटे में दोबारा लगाना भी उतना ही अहम है, खासकर अगर आप लंबे समय तक बाहर रहते हैं। सनस्क्रीन सिर्फ गर्मियों में ही नहीं, बल्कि हर मौसम में लगाना चाहिए।
सस्ते प्रोडक्ट्स से बचें, एंटीऑक्सीडेंट को अपनाएं
त्वचा पर सस्ते और अनजाने ब्रांड के उत्पाद इस्तेमाल करना नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे प्रोडक्ट्स में मौजूद केमिकल्स त्वचा को डैमेज कर सकते हैं। इसके बजाय एंटीऑक्सीडेंट युक्त प्रोडक्ट्स चुनें, जिनमें विटामिन C और विटामिन E जैसे तत्व हों। ये फ्री रैडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं और त्वचा को लंबे समय तक युवा बनाए रखने में सहायक होते हैं।
रात की देखभाल भी उतनी ही जरूरी
सोने से पहले मेकअप हटाना अनिवार्य है। मेकअप के साथ सोने से पोर्स बंद हो जाते हैं, जिससे त्वचा बेजान दिखने लगती है। भले ही मेकअप न किया हो, फिर भी चेहरा धोकर ही सोएं।
घरेलू नुस्खों की बात करें तो बेसन, हल्दी, दही, शहद और एलोवेरा जैसे प्राकृतिक तत्व त्वचा को पोषण देने में मददगार हो सकते हैं। हालांकि, किसी भी घरेलू उपाय को अपनाने से पहले त्वचा के प्रकार को ध्यान में रखना जरूरी है। नियमित देखभाल, संतुलित आहार और पर्याप्त पानी पीना-ये तीनों मिलकर त्वचा को उम्र के असर से बचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।





