नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सर्दियों का मौसम त्वचा के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं होता। ठंडी और शुष्क हवाएं चेहरे की नमी को धीरे-धीरे छीन लेती हैं, जिससे स्किन रूखी, बेजान और पपड़ीदार नजर आने लगती है। इस मौसम में कई लोगों की त्वचा काली और थकी-सी दिखने लगती है, वहीं बारीक रेखाएं और झुर्रियां भी उभरने लगती हैं।
अक्सर महिलाएं इस रूखेपन को छिपाने के लिए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स या केमिकल युक्त क्रीम का सहारा लेती हैं, लेकिन ये उपाय हर बार असरदार नहीं होते। अगर आप बिना केमिकल और कम खर्च में चेहरे पर कुदरती निखार चाहते हैं, तो आपकी रसोई में मौजूद केला और मलाई का कॉम्बिनेशन कमाल कर सकता है।
क्यों फायदेमंद है केला और मलाई?
केला विटामिन, मिनरल्स और पोटैशियम से भरपूर होता है, जो त्वचा को अंदर से पोषण देता है। वहीं मलाई एक नेचुरल मॉइस्चराइज़र की तरह काम करती है, जो स्किन की ड्राइनेस दूर कर उसे सॉफ्ट और ग्लोइंग बनाती है। दोनों मिलकर चेहरे पर गुलाबी निखार लाने में मदद करते हैं।
केले और मलाई का फेस पैक कैसे बनाएं और कैसे लगाएं
बनाने का तरीका:
आधा पका हुआ केला लें और उसे अच्छी तरह मैश कर लें। इसमें 1 बड़ा चम्मच ताजी दूध की मलाई मिलाएं। अगर आपकी स्किन ज्यादा ड्राई है, तो आधा चम्मच शहद भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को मिलाकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें।
लगाने का तरीका:
तैयार पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर समान रूप से लगाएं। 15–20 मिनट तक लगा रहने दें, जब तक यह हल्का सूख न जाए। इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें और हल्का मॉइस्चराइज़र लगा लें।
साफ करने का तरीका:
अब गुनगुने पानी से हल्के हाथों से मसाज करते हुए चेहरा धो लें। तौलिए से पोंछने के बाद आप खुद महसूस करेंगे कि आपकी त्वचा पहले से ज्यादा मुलायम, सॉफ्ट और चमकदार हो गई है।
कब और कितनी बार लगाएं?
इस फेस पैक को हफ्ते में 2 बार लगाने से सर्दियों में भी त्वचा की नमी बनी रहती है और चेहरा नेचुरल ग्लो से दमकने लगता है।





