नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिनभर की थकान, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और लंबे समय तक मेकअप से आपकी त्वचा थक जाती है। खासकर शादी-ब्याह, त्योहार या पार्टी सीजन में यह और भी जरूरी हो जाता है कि रात में त्वचा की सही देखभाल की जाए। यही समय है जब आपकी त्वचा खुद को रीस्टोर करती है और पोषण ग्रहण करती है। इसीलिए नाइट स्किनकेयर रूटीन को अपनाना बेहद जरूरी है।
डॉ. शरीफा चौसे, मुंबई त्वचा विशेषज्ञ, शरीफा स्किनकेयर क्लिनिक, बताती हैं कि, रात का समय त्वचा के लिए सबसे उपयुक्त होता है। सोने से पहले सही प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल त्वचा में नमी बनाए रखता है, उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करता है और त्वचा की सेहत में सुधार करता है।
रात को स्किनकेयर न करना एक बड़ी गलती मानी जाती है। सही नाइट रूटीन के साथ अच्छी नींद और पर्याप्त आराम आपकी त्वचा को अगले दिन के लिए पूरी तरह तैयार करता है।
ग्लोइंग और हेल्दी त्वचा के लिए 6 आसान स्टेप्स
1. क्लीनिंग – सबसे पहला और जरूरी कदम
पूरे दिन में त्वचा पर मेकअप, धूल, गंदगी और प्रदूषण के कण चिपक जाते हैं।
सबसे पहले अपनी स्किन टाइप के अनुसार हल्का क्लीनजर चुनें।
चेहरे पर धीरे-धीरे मसाज करें।
जोर-जोर से रगड़ने से बचें, इससे त्वचा लाल या संवेदनशील हो सकती है।
विशेषज्ञ टिप: फेशियल क्लीनिंग से पोर्स साफ रहते हैं और एक्ने की संभावना कम होती है।
2. टोनर – त्वचा का संतुलन बनाए
टोनर त्वचा के pH को संतुलित करता है और पोर्स को कसने में मदद करता है।
अपनी स्किन टाइप के अनुसार अल्कोहल-फ्री टोनर चुनें।
गुलाब जल या ग्रीन टी युक्त टोनर त्वचा को ठंडक और ताजगी देता है।
एक रुई के टुकड़े पर टोनर डालकर हल्के हाथों से चेहरे की त्वचा को साफ करें।
टिप: टोनर एक्सेस ऑयल, मेकअप और प्रदूषण के अवशेष भी हटाता है।
3. सीरम – एक्टिव इंग्रीडिएंट्स से पोषण
सीरम में विटामिन सी, हायलूरोनिक एसिड, नियासिनमाइड और रेटिनॉइड जैसे सक्रिय तत्व होते हैं।
रात के समय सीरम अधिक प्रभावी ढंग से काम करता है।
नियमित इस्तेमाल से पिगमेंटेशन, ड्राइनेस और फाइन लाइंस कम होती हैं।
स्किन टेक्सचर में सुधार आता है।
ध्यान दें: केवल सोशल मीडिया ट्रेंड या पैकेजिंग देखकर सीरम का चुनाव न करें। अपनी त्वचा की जरूरतों के अनुसार चुनें।
4. मॉइस्चराइज़र या नाइट क्रीम – त्वचा को हाइड्रेट करें
सीरम लगाने के बाद मॉइस्चराइज़र या नाइट क्रीम लगाना जरूरी है।
पोषक तत्वों से भरपूर नाइट क्रीम त्वचा में नमी बनाए रखती है और स्किन हेल्थ सुधारती है।
सेरामाइड्स, पेप्टाइड्स और एलोवेरा युक्त प्रोडक्ट सबसे अच्छे माने जाते हैं।
विशेषज्ञ सलाह: सही नाइट क्रीम का इस्तेमाल त्वचा को मुलायम और ग्लोइंग बनाता है।
5. आई क्रीम – आंखों की नाजुक त्वचा की देखभाल
आंखों के निचले हिस्से की त्वचा बहुत संवेदनशील होती है।
हल्की मसाज के साथ आई क्रीम या पैच लगाएं।
इससे सूजन, काले घेरे और फाइन लाइंस कम होती हैं।
ब्लड सर्कुलेशन बढ़ने से त्वचा ज्यादा कोमल और स्वस्थ दिखती है।
6. लिप बाम – होठों को भी दें खास देखभाल
चेहरे की तरह होठों की त्वचा भी कोमल और नाजुक होती है।
हाइड्रेटिंग लिप बाम से रात भर नमी बनाए रखें।
सुबह उठकर होठ मुलायम, ताजगी भरे और स्वस्थ दिखेंगे।
रात की देखभाल,नींद व स्वस्थ त्वचा
डॉ. शरीफा के अनुसार, अपनी स्किन टाइप और जरूरत के अनुसार उत्पाद चुनें। नियमित नाइट स्किनकेयर के साथ पर्याप्त नींद और आराम भी त्वचा को स्वस्थ बनाए रखते हैं।रात की सही देखभाल से न सिर्फ त्वचा में नमी और पोषण बना रहता है, बल्कि अगले दिन चेहरे पर ताजगी, चमक और ऊर्जा महसूस होती है।





