नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । कुछ दिन का इंतजार और फिर दिवाली आ जाएगी। इस दिन सभी महिलाएं खास दिखना चाहती हैं, लेकिन घर और तैयारियों में व्यस्त रहने की वजह से अक्सर अपनी सुंदरता की अनदेखी कर देती हैं, जिससे पूरा लुक प्रभावित हो जाता है।
ऐसे में जब हम थके-हारे चेहरे पर मेकअप करते हैं, तो चेहरा और भी बेसहारा और फीका दिख सकता है। इसलिए, आज हम आपको ब्यूटी और स्किन केयर एक्सपर्ट शहनाज हुसैन द्वारा बताए गए 5 असरदार स्किन और हेयर केयर टिप्स बताएंगे, जिन्हें अपनाना आसान है और इसके लिए ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शरीर की सफाई करना है जरूरी
शहरों में रहने वाली महिलाओं को रात में अपने शरीर और चेहरे की अच्छी तरह सफाई करनी चाहिए। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि आजकल के प्रदूषित वातावरण और धूल-मिट्टी के कारण त्वचा पर मैल जम जाता है, जिससे स्किन संबंधी समस्याएं और बीमारियां हो सकती हैं।
इसलिए रात को सोने से पहले मेकअप पूरी तरह से हटाना बेहद जरूरी है। अगर मेकअप लगा रह जाता है, तो यह त्वचा को ड्राई कर सकता है और उसके पीएच लेवल को बिगाड़ सकता है, जिससे चेहरे पर दाग-धब्बे, मुंहासे, फोड़े-फुंसियां जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
त्वचा की नमी का ऐसे रखें ख्याल
– दिवाली के समय मौसम में बदलाव और हवा में नमी कम होने के कारण त्वचा रूखी होने लगती है। ऐसे में त्वचा को नरिश और हाइड्रेटेड रखने के लिए इस टिप्स को अपनाया जा सकता है, जिससे चेहरा स्वस्थ और चमकदार बना रहता है।
– अपने चेहरे पर क्लींजर से हल्के हाथों से मालिश करें और गंदगी व टॉक्सिन को हटाने के लिए गीले कॉटन वूल का इस्तेमाल करें, ताकि त्वचा साफ, ताजगी भरी और स्वस्थ बनी रहे।
– इसके बाद कॉटन की मदद से गुलाब जल और फेस टॉनिक लगाएं, जिससे त्वचा तरोताजा और संतुलित बनी रहती है।
– दिन में घर से बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन का इस्तेमाल जरूर करें, और यदि आप घर के अंदर ही हैं तो मॉइस्चराइजर लगाना न भूलें, ताकि त्वचा हाइड्रेटेड और सूरज की हानिकारक किरणों से सुरक्षित बनी रहे।
यदि ऑयली त्वचा पर सामान्य क्रीम लगाई जाए तो कील-मुंहासे बढ़ सकते हैं। इसलिए तैलीय त्वचा में नमी देने के लिए एक चम्मच ग्लिसरीन में 100 मिलीलीटर गुलाब जल मिलाकर हल्के हाथों से चेहरे पर लगाएं।
दिवाली के समय बढ़ते पॉल्यूशन के कारण चेहरा अक्सर फीका और थका दिखता है। शहनाज हुसैन के अनुसार, पीसे हुए बादाम या चावल पाउडर में दही, थोड़ी हल्दी और लेमन पाउडर मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे चेहरे पर 3-4 मिनट हल्के हाथों से मालिश करें और फिर साफ पानी से धो लें।
ऐसे करें बालों की देखभाल
दिवाली से पहले और बाद में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए हफ्ते में दो बार तेल से ट्रीटमेंट करें। इसके लिए जैतून का तेल हल्का गर्म करके बालों और स्कैल्प पर मालिश करें। फिर तौलिये को गर्म पानी में भिगोकर निचोड़कर सिर पर पगड़ी की तरह 5 मिनट तक लपेटें। इस प्रक्रिया को 3-4 बार दोहराएं, जिससे बाल और स्कैल्प तेल आसानी से सोख लेते हैं।
अंडे का सफेद हिस्सा ऑयली बालों के लिए प्राकृतिक क्लींजर का काम करता है। इसे शैम्पू से आधा घंटे पहले बालों पर लगाएं और समय पूरा होने के बाद धो लें। यह नुस्खा बालों को पोषण देने के साथ-साथ सिल्की और शाइनी बनाएगा और उनमें प्रोटीन की कमी पूरी कर मजबूती भी देगा।





