नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । गर्मियों में त्वचा का व्यवहार बदलता है, जिससे लोग अक्सर स्किन टाइप को लेकर भ्रमित रहते हैं। कुछ की त्वचा अधिक ऑयली हो जाती है, तो कुछ रूखी और परतदार दिखने लगती है। इस मामलों एक्सपर्ट कहते है कि, सही स्किनकेयर प्रोडक्ट का चुनाव मौसम और त्वचा की स्थिति के अनुसार करना आवश्यक है।
नतीजा यह होता है कि त्वचा की असली चमक खो जाती है। ब्यूटी एक्सपर्ट के अनुसार, खूबसूरत और स्वस्थ त्वचा का पहला रहस्य है अपनी स्किन टाइप को सही तरीके से पहचानना।
स्किन टाइप क्यों जानना है ज़रूरी?
हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है और उसकी देखभाल भी उसी के अनुसार करनी चाहिए। विशेषज्ञों का कहना है कि एक ही मौसम में अलग-अलग स्किन टाइप के लिए अलग रूटीन अपनाना जरूरी है। सही स्किन पहचानने पर ही उपयुक्त फेसवॉश, मॉइस्चराइज़र और टोनर का चयन किया जा सकता है।
ऐसे पहचानें अपनी स्किन टाइप
शुष्क त्वचा (Dry Skin)
अगर त्वचा बेजान और खुरदरी दिखे, आंखों और मुंह के पास महीन रेखाएं बनें और मौसम बदलने पर छिलने लगे, तो यह ड्राई स्किन का संकेत है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्किन टाइप धूप और ठंडी हवाओं से जल्दी प्रभावित होती है और विशेष देखभाल की मांग करती है।
केयर टिप्स-
ड्राई स्किन की देखभाल के लिए हाइड्रेटिंग फेसवॉश का इस्तेमाल करें। हर्बल और केमिकल-फ्री प्रोडक्ट्स को प्राथमिकता दें। रात में हमेशा हाइड्रेटिंग मॉइस्चराइज़र और सीरम लगाना न भूलें।
तैलीय त्वचा (oily skin)
अगर चेहरा लगातार चमकदार और चिपचिपा दिखे, रोमछिद्र बड़े नजर आएं और पिंपल्स या एक्ने की समस्या हो, तो यह ऑयली स्किन (oily skin) का संकेत है।
केयर टिप्स-
तैलीय त्वचा के लिए ऑयल-फ्री और हल्के क्लींजर का इस्तेमाल करें। और साथ ही में नीम, तुलसी और गुलाब वाले प्रोडक्ट चुनें। फेस मिस्ट और टोनर का इस्तेमाल करके ऑयल बैलेंस करें।
मिश्रित त्वचा
अगर माथे और नाक (टी-ज़ोन) पर अतिरिक्त तेल जमा हो रहा है, जबकि गालों की त्वचा रूखी या सामान्य बनी रहती है, तो इसे कॉम्बिनेशन स्किन (Combination Skin) कहा जाता है।
केयर टिप्स-
कॉम्बिनेशन स्किन के लिए रोज़ाना एक सौम्य, साबुन-फ्री क्लींजर का इस्तेमाल करना चाहिए, जो त्वचा को साफ तो करे लेकिन उसे रूखा न बनाए। इसके साथ ही हफ्ते में दो बार हल्के एक्सफोलिएटर का उपयोग करना फायदेमंद रहता है, ताकि मृत त्वचा कोशिकाएं हटें और त्वचा फ्रेश दिखे।
संवेदनशील त्वचा
अगर धूप या किसी प्रोडक्ट के इस्तेमाल से त्वचा पर जलन, लालिमा या सूजन दिखाई दे, तो इसे सेंसिटिव स्किन (Sensitive Skin) कहा जाता है। इस तरह की त्वचा को बहुत ही सावधानी से संभालना चाहिए।
केयर टिप्स-
सेंसिटिव स्किन के लिए केमिकल-फ्री और हर्बल प्रोडक्ट्स का चुनाव सबसे सुरक्षित रहता है। इसमें एलोवेरा, खीरा और पुदीना जैसे प्राकृतिक तत्व शामिल करना फायदेमंद होता है, क्योंकि ये त्वचा को ठंडक और आराम प्रदान करते हैं।
हेल्दी स्किन के लिए ज़रूरी बातें-
हमेशा SPF वाला सनस्क्रीन लगाएं।
सोने से पहले मेकअप हटाना न भूलें।
पर्याप्त पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
अपनी स्किन टाइप के अनुसार ही प्रोडक्ट चुनें।
(Disclaimer: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी पर आधारित है। यह किसी भी तरह से योग्य डॉक्टर या चिकित्सक की राय नहीं है। अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ से सलाह लें। हम इसके लिए जिम्मेदार नहीं है।)





