नई दिल्ली,रफतार डेस्क। केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर बड़ा हमला बोला है। नागपुर में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिसके साथ रहती है, उसे डुबो देती है”। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आगाह करते हुए कहा, ममता दीदी सावधान! कांग्रेस जहां जाती है, वहां पराजय तय होती है।
“केजरीवाल, अखिलेश और तेजस्वी को भी कांग्रेस ने डुबो दिया”
शिवराज ने कहा कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल, यूपी में अखिलेश यादव और बिहार में तेजस्वी यादव कांग्रेस के कारण हार गए। इसलिए ममता बनर्जी को भी सतर्क रहने की जरूरत है। कांग्रेस जहां भी गठबंधन में शामिल होती है, वहां हार पक्की है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार बन चुकी है और एक संतुलित मंत्रिमंडल तैयार किया गया है। उनके मुताबिक महागठबंधन केवल सत्ता की सुविधा के लिए बना था, जनता के लिए नहीं। परिवार टूट रहे हैं, पार्टियां टूट रही हैं, क्योंकि उनका उद्देश्य सत्ता था, सेवा नहीं। किसानों के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल ज़रूरी नागपुर में आयोजित एग्रो विज़न कार्यक्रम में पहुंचे शिवराज ने कहा कि अब खेती के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स से किसानों को लाभ होगा। सरकार किसानों को इन तकनीकों की ट्रेनिंग दे रही है और डिजिटल एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम जारी है।
बंगाल चुनाव के बाद हिंसा पर भी की टिप्पणी
शिवराज ने पश्चिम बंगाल में चुनाव परिणाम के बाद हुई हिंसा पर भी ममता बनर्जी को निशाना बनाया। टीएमसी को जनता ने रक्षक चुना था, लेकिन उसके कार्यकर्ता भक्षक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में कुछ भी स्थायी नहीं होता और गलत कामों का अंत में दंड जरूर मिलता है।





