नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला है। बांकुरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि अगर बीजेपी का दावा है कि घुसपैठिए सिर्फ बंगाल से आते हैं, तो फिर पहलगाम और दिल्ली में हुए आतंकी हमलों के पीछे कौन था।
घुसपैठ के आरोपों पर ममता का पलटवार
ममता बनर्जी ने कहा,“बीजेपी कहती है कि घुसपैठिए केवल बंगाल में हैं। अगर ऐसा है तो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हमला कैसे हुआ? क्या वह हमला आपने कराया था? दिल्ली में हुई आतंकी घटना के पीछे कौन था?” उन्होंने कहा कि 2026 के बंगाल चुनाव को बीजेपी जानबूझकर घुसपैठ के मुद्दे पर ले जाना चाहती है।
मोदी-शाह की महाभारत के किरदारों से तुलना
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की तुलना महाभारत के दुर्योधन और दुशासन से कर दी। ममता ने कहा, “चुनाव आते ही दुर्योधन और दुशासन प्रकट हो जाते हैं। शकुनी का चेला बंगाल में जानकारी जुटाने भेजा गया है। ममता बनर्जी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है और यह AI की मदद से किया जा रहा एक बड़ा घोटाला है। ममता का दावा है कि SIR प्रक्रिया के कारण अब तक करीब 57–60 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एक भी वैध मतदाता का नाम सूची से हटाया गया तो TMC दिल्ली में चुनाव आयोग का घेराव करेगी।
‘पहले दिल्ली संभालो, बंगाल को हम संभाल लेंगे’
बीजेपी पर तंज कसते हुए ममता ने कहा, “पहले दिल्ली संभालो। बंगाल को संभालने के लिए बंगाल के लोग काफी हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वह बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है। अमित शाह के इस आरोप पर कि बंगाल सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं दे रही, ममता ने कहा,”अगर हमने जमीन नहीं दी होती तो पेट्रापोल और अंडाल जैसे प्रोजेक्ट कैसे पूरे होते? रेलवे की कई परियोजनाएं राज्य की जमीन से ही पूरी हुई हैं।





