नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हनीमून के लिए केरल हमेशा भारतीय पर्यटकों की पसंदीदा सूची में सबसे ऊपर रहा है। इस राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती हर साल लाखों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। हनीमून जोड़ों के लिए तो केरल सच में स्वर्ग जैसा है, जहां हर कोने में रोमांटिक पल बिताने की अनगिनत संभावनाएं हैं। यहां के बैकवॉटर, शांत समुद्र तट, हरे-भरे जंगल, कोहरे से ढकी पहाड़ियां, और ऐसे कई जादुई अनुभव इस राज्य को एक खास रोमांटिक गंतव्य बनाते हैं। यहां हम आपको केरल की कुछ सबसे खूबसूरत और रोमांटिक जगहों के बारे में बता रहे हैं, जहां आप अपना हनीमून और भी यादगार बना सकते हैं।
कपल्स के लिए मुन्नार सबसे बेहतर
मुन्नार, केरल की पश्चिमी घाट की खूबसूरत पहाड़ियों में बसा एक शांत और मनमोहक हिल स्टेशन है, जो खासतौर पर हनीमून कपल्स के बीच बेहद लोकप्रिय है। चाय के बागानों से घिरा यह शहर सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि रोमांस से भी भरपूर है। हरियाली से ढकी घाटियाँ, कलकल करते झरने, हल्के कोहरे में लिपटी पहाड़ियां और दूर-दूर तक फैले चाय बागान, मुन्नार हर कपल को एक जादुई अनुभव देता है। यहां की शुद्ध हवा और शांत वातावरण नवविवाहित जोड़ों को एक-दूसरे के करीब लाने के लिए बिल्कुल परफेक्ट माहौल बनाते हैं।
मुन्नार कभी ब्रिटिशों की गर्मियों की राजधानी रहा है और आज यह अपनी चाय की संपदा, प्राकृतिक जैव विविधता और शांति के लिए जाना जाता है। यहाँ के एराविकुलम नेशनल पार्क, मट्टुपेट्टी डैम, हाइडल पार्क, और मुन्नार टी म्यूज़ियम जैसे स्थल कपल्स को घूमने और एक साथ क्वालिटी टाइम बिताने के शानदार मौके देते हैं। अगर आप अपने हनीमून को एक यादगार अनुभव बनाना चाहते हैं, तो मुन्नार की वादियों में हाथों में हाथ लेकर चलना, चाय के बागानों में फोटो क्लिक कराना और बैकवॉटर के पास शांति से बैठना आपकी यादों को हमेशा के लिए खास बना देगा।
हनीमून कपल्स के लिए वायनाड परफेक्ट जगह
वायनाड, केरल का एक हरा-भरा और शांत हिल स्टेशन, हनीमून कपल्स के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। पश्चिमी घाट की गोद में बसा यह इलाका न सिर्फ अपनी हरियाली, बल्कि शांति, रोमांटिक मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए भी जाना जाता है। कोझीकोड के समुद्र तटों के पास स्थित वायनाड, भारत के उन चुनिंदा स्थलों में से एक है जहां आप घने जंगलों, घाटियों और पहाड़ों के बीच अपने जीवनसाथी के साथ सुकून भरे पल बिता सकते हैं। यहाँ की शुद्ध हवा और हरियाली से भरपूर वातावरण हर कपल को एक-दूसरे के और करीब लाता है।
वायनाड की खासियत यह है कि यह कूर्ग, ऊटी, मैसूर, कन्नूर और बैंगलोर जैसे लोकप्रिय स्थलों से आसानी से जुड़ा हुआ है, जिससे यहां पहुँचना बेहद सरल होता है। यहां कपल्स के लिए हाईकिंग, वाइल्डलाइफ सफारी, और नेचर वॉक्स जैसे रोमांचक और रोमांटिक एक्टिविटीज़ उपलब्ध हैं। एडक्कल की गुफाएं, रहस्यमयी इतिहास और सुंदर नक्काशी के लिए जानी जाती हैं। चेम्बरा पीक पर ट्रेकिंग करते हुए आप उस दिल के आकार की झील तक पहुंच सकते हैं, जो प्रेम का प्रतीक बन चुकी है। थिरुनेल्ली मंदिर और बांदीपुर नेशनल पार्क भी कपल्स को आध्यात्मिक और रोमांच से भरपूर अनुभव देते हैं।
कपल्स के लिए एलेप्पी भी अच्छा विकल्प
केरल का अलाप्पुझा, जिसे आमतौर पर एलेप्पी कहा जाता है, हनीमून कपल्स के लिए एक रोमांटिक डेस्टिनेशन है जो हर पल को खास और यादगार बना देता है। इसे केरल का “वेनिस ऑफ द ईस्ट” भी कहा जाता है, और इसकी वजह हैं यहां की सुंदर नहरें, बैकवाटर, और हाउसबोट्स जो आपको एक अलग ही दुनिया का अनुभव कराते हैं। यह जगह न सिर्फ केरल के, बल्कि पूरे भारत के सबसे खूबसूरत हनीमून स्थलों में से एक मानी जाती है। यहां कपल्स समुद्र के किनारे टहल सकते हैं, लाइटहाउस और पार्क में शांति के साथ समय बिता सकते हैं, और हाउसबोट में बैठकर बैकवाटर की सैर करते हुए आसपास की हरियाली और गांवों की सादगी का लुत्फ उठा सकते हैं। सूर्यास्त के समय, जब आसमान नारंगी और बैकवाटर पर रोशनी की परछाइयाँ पड़ती हैं, तो वह पल किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं लगता। यहाँ के प्रमुख आकर्षणों में अलाप्पुझा बीच, अंबालाप्पुझा श्री कृष्ण मंदिर, कृष्णापुरम पैलेस, मारारी बीच है।
कोवलम में कपल्स बिता सकते हैं प्यार और सुकून के पल
अगर आप अपनी केरल हनीमून यात्रा को और भी खास बनाना चाहते हैं, तो कोवलम को अपनी लिस्ट में जरूर शामिल करें। आंख बंद करके इस खूबसूरत जगह की सैर का सपना देखा जा सकता है। कोवलम अपने बैकवाटर, धुंध से ढकी पहाड़ियां, और नीले समुद्र तटों के लिए मशहूर है। यहाँ का शांत वातावरण और सुहावना मौसम हर हनीमून कपल को आकर्षित करता है। इस जगह की ख़ूबसूरत समुद्र तटों पर बैठकर साथी के साथ सुकून भरे पल बिताना एक अलग ही अनुभव होता है। कोवलम के समुद्र तटों की ख़ूबसूरती आपको मंत्रमुग्ध कर देगी, और यहां का स्वादिष्ट केरलियन खाना आपकी यादों को और भी मीठा बना देगा। कोवलम के प्रमुख आकर्षणों में लाइट हाउस बीच, कोवलम बीच, समुद्र बीच पार्क, सागरिका मरीन रिसर्च एक्वेरियम और हैचरी शामिल हैं।
कपल्स के लिए कुमारकोम भी एक आदर्श जगह
केरल की खूबसूरत लेक सिटी यानी कुमारकोम हनीमून कपल्स के लिए एक आदर्श जगह है। यहां की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील, वेम्बनाड झील, प्राकृतिक सौंदर्य और शांति का अद्भुत मिश्रण प्रस्तुत करती है। यह झील और इसके आसपास का क्षेत्र विभिन्न दुर्लभ प्रजातियों के लिए जाना जाता है, जो कुमारकोम को प्रकृति प्रेमियों के लिए एक स्वर्ग बनाता है। ज्यादातर हनीमून कपल्स यहाँ कुछ दिन शांति से बिताने आते हैं, जहां वे सुंदर हाउसबोट्स पर बैठकर बैकवाटर की सैर का आनंद लेते हैं। कुमारकोम का पक्षी अभयारण्य खासतौर पर प्रसिद्ध है, जहां कई प्रवासी पक्षी साल के अलग-अलग मौसमों में आते हैं। यह जगह पक्षियों को देखने और प्रकृति के करीब रहने का एक अनोखा अनुभव देती है। कुमारकोम के प्रमुख आकर्षणों में कुमारकोम पक्षी अभयारण्य, पथिरमनल, बे द्वीप और ड्रिफ्टवुड संग्रहालय है।




