पाकुड़, 25 जून (हि.स.)।विगत छह महीने से बाधित शहरी जलापूर्ति योजना को चालू कराने की मांग को लेकर पांचवें दिन भी भूख हड़ताल पर डटे सुरेश अग्रवाल का धैर्य जवाब दे गया।वे प्रशासनिक संवेदनहीनता के खिलाफ शुक्रवार की शाम पांच बजे धरना स्थल से उठ कर पाकुड़ दुमका मुख्य सड़क पर लेट गए। जिसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जलापूर्ति की किल्लत झेल रहे शहर के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके चलते रोड जाम हो गया। इसके मद्देनजर नव पदस्थापित सिविल एसडीओ पंकज कुमार साव सदल बल मौके पर पहुंचे।उन्होंने महज दो दिनों पूर्व प्रभार लेने का हवाले से अग्रवाल से कहा कि मैं वस्तुस्थिति की जानकारी ले रहा हूं।मुझे थोड़ा वक्त दें मैं यथा शीघ्र समस्या का समाधान करने की हर संभव कोशिश करूंगा। तब वे और उनके समर्थक माने।फिर सिविल एसडीओ पंकज कुमार साव ने जूस पिला कर भूख हड़ताल तुड़वायी। हिंदुस्थान समाचार/ रवि




