– मड़िहान में महिला पुलिस चौकी व परामर्श केंद्र का उद्घाटन मीरजापुर, 08 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को मड़िहान थाना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडीयो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिला पुलिस चौकी एवं परामर्श केंद्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने फीता काटकर इसका शुभारम्भ किया। ऊर्जा राज्यमंत्री ने कहा कि महिला का सम्मान न करने वालों का हस्र बहुत खराब होता है। रावण ने सीता का अपमान किया तो एक लाख पुत्र और सवा लाख नातियों समेत उसके पूरे कुल का सर्वनाश हो गया। मड़िहान में महिला पुलिस चौकी खुलने से यहां की बेटियों और महिलाओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी और त्वरित न्याय मिलेगा। एसडीएम ने कहा कि नारी शक्ति युगे-युगे, नारी पूजा युगे-युगे की परम्परा सदियों से चली आ रही है और युगयुगांतर तक चलती रहेगी। उन्होंने 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस, आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 155260 साइबर हेल्पलाइन के बारे में भी छात्राओं व महिलाओं को जानकारी दी। इस मौके पर महिलाओं के उत्थान के लिए समाज में योगदान देने वाली जिले की 08 महिलाओं सुमन राजभर, शिखा सिंह, सरिता कुमारी, रश्मि राजपूत, सरोज कुमारी, अनुपमा मिश्रा को बुके देकर उपजिलाधिकारी रोशनी यादव ने सम्मानित किया। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर




