मुंबई, 29 मई, (हि. स.)। पालघर जिले के तुलिंज पुलिस स्टेशन क्षेत्र के विजय नगर इलाके में एक बिल्डर ने 2008 में फर्जी दस्तावेज से एक अवैध चार मंजिला इमारत बनाकर 92 फ्लैट वैध बताकर लोगों को बेच दिए। मनपा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार विजय नगर स्थित सर्वे क्रमांक 121 में बिल्डर मयुरेश राउत ने 2008 सिडको के फर्जी दस्तावेज बनाकर प्रभाकर स्मृति भवन नामक चार मंजिला इमारत बनाई। जिसमें 92 फ्लैट वैध बताकर ग्राहकों को बेच दिए। उसी फर्जी दस्तावेज से बिल्डर ने सभी फ्लैट धारकों को रजिस्ट्रेशन भी कराके दिया। हाल में ही जब एक फ्लैट धारक को पता चला कि यह बिल्डिंग अवैध है, तो उसने वसई विरार मनपा आयुक्त से शिकायत की। आयुक्त के आदेश के बाद संबंधित अधिकारी ने तुलिंज पुलिस स्टेशन में बिल्डर मयुरेश राउत के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 2008 में जब इमारत बनाई जा रही थी, तब क्या मनपा को इसकी जानकारी नहीं थी। 13 साल के बाद मनपा को इसकी अवैध होने की जानकारी मिली है। जिन लोगों ने उसमें घर खरीदा है, उनका क्या दोष है। कहीं न कहीं इसमें मनपा की लापरवाही दिखाई दे रही है। हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप




