कन्नौज, 24 मई (हि. स.)। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस एवं 112 यूपी द्वारा लगातार जनमानस को आपात सहायता प्रदान की जा रही है I वैश्विक महामारी कोविड-9 के बढ़ते प्रसार को रोकने एवं आवश्यक वस्तुओं जैसे आक्सीजन सिलेंडर, जीवन रक्षक दवायें इत्यादि की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उप्र पुलिस व 112 यूपी द्वारा कालाबाजारी व जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर जनमानस को जागरूक किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में अपर पुलिस महानिदेशक-112 यूपी, अशोक कुमार सिंह द्वारा सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दिये गये निर्देश के क्रम में प्रदेश के सभी जनपदों को प्रचार-प्रसार हेतु 112 मुख्यालय, लखनऊ द्वारा धन आवंटित किया गया है। आवंटित अनुदान के क्रम में 13 होर्डिंग, 1000 पोस्टर छपवाकर विभिन्न स्थानों पर लगाकर प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। साथ ही 112 यूपी द्वारा उपलब्ध कराये गए ऑडियो जिंगल कन्नौज जिले मे संचालित 37 पीआरवी में लगे पीए सिस्टम के माध्यम से गांव, कस्बों और शहरी इलाकों में नागरिकों को कोरोना संक्रमण के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। आपदा की इस घड़ी में 112 यूपी लगातार जरुरतमन्द लोगों तक आपात सहायता के साथ कानून-व्यवस्था संभालने का कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक कन्नौज के निर्देशन में एक अप्रैल से अब तक कन्नौज जिले में 5054 जरुरतमन्द लोगों तक 112 यूपी की पीआरवी ने सहायता पहुंचायी है। लॉक डाउन के दौरान पीआरवी कर्मियों द्वारा गंभीर मरीजों को दवाई आदि पहुँचने का कार्य भी किया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/संजीव




