आरा,6 अप्रैल(हि. स)।वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा में राज्य सरकार के निर्देशों का पालन नही होने से विश्वविद्यालय से जुड़े अंगीभूत कॉलेजो में खाता अनियमितता के मामले सामने आ सकते है और बड़े पैमाने पर आर्थिक अपराध का मामला उजागर हो सकता है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा के पूर्व सीनेटर अजय कुमार तिवारी मुनमुन ने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव को इस संबंध में एक पत्र लिखा है और कहा है कि शिक्षा विभाग ने अंगीभूत कॉलेजो में खाता संचालन को लेकर एक आदेश जारी किया था जिसका अंगीभूत कॉलेजो के प्राचार्य पालन नही कर रहे हैं। बता दें कि वर्ष 2013 में बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा ने सभी कुलपतियों को वर्ष 2013 में एक पत्र भेजा था जिसमे कहा था कि अंगीभूत कॉलेजो में एक खाता होगा जिसमें सभी राजस्व जमा किये जायेंगे।इस बैंक खाता का संचालन कुलसचिव और वित्त पदाधिकारी करेंगे। साथ ही महाविद्यालयों में अतिरिक्त खाता होगा जिसमें महाविद्यालय खाता,विकास खाता,छात्रवृति खाता,छात्र कल्याण खाता प्रमुख रूप से शामिल होगा। इस खाता का संचालन कुलपति के आदेश से प्राचार्य और बरसर संयुक्त रूप से करेंगे। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के भेजे पत्र के आलोक में अंगीभूत कॉलेजो के प्राचार्यो द्वारा महाविद्यालय खाता के अतिरिक्त अन्य खाता का संचालन नही किये जाने से वित्तीय पारदर्शिता पर खतरा मंडराने लगा है। अंगीभूत कॉलेजो में वित्तीय मामला स्वच्छ तरिके से संचालित नही होने को लेकर छात्रो और छात्र प्रतिनिधियो में भी आक्रोश दिखाई देने लगा है। पूर्व छात्र नेता और पूर्व सीनेटर तिवारी ने बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से मांग की है कि वीर कुंवर सिंह विवि आरा के सभी अंगीभूत कॉलेजो के खाता की जांच महालेखाकार कार्यालय के अधिकारियों से कराने की भी मांग की है। उन्होंने कुलपति प्रो. देवी प्रसाद तिवारी से भी अंगीभूत कॉलेजो के खाता संचालन को लेकर वर्ष 2013 में शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के भेजे पत्र को अक्षरशः लागू कराने के लिए आदेश निर्गत करने की मांग की है। हिन्दुस्थान समाचार/सुरेन्द्र/चंदा




