प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने मंगलवार को कोविड-19 की समीक्षा बैठक में सभी विभागों और मंडलों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पात्र रेलवे कर्मचारियों को प्राथमिकता पर टीका लगाया जाए। उन्होंने तथ्यात्मक जानकारी के प्रसार माध्यम से फील्ड स्टाफ को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और टीके से जुड़ी किसी प्रकार के भ्रम आदि को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि अब तक उत्तर मध्य रेलवे के 5000 से अधिक पात्र कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। जबकि 2700 से अधिक कर्मचारियों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है और अप्रैल के भीतर सभी पात्र कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत टीकाकरण केंद्रों की निगरानी और राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाकर सभी पात्र कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। महाप्रबंधक ने दूर-दराज के स्टेशनों और फील्ड में तैनात कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता को दोहराया। कहा कि कोविड-19 महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में निगरानी और स्टाफ से नियमित संवाद की प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण है और मण्डल एवं मुख्यालय के अधिकारियों को इसके लिए मजबूत तंत्र सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में अपर महाप्रबंधक रंजन यादव, सभी प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों, मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज, झांसी और आगरा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त




