कोलकाता, 02 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कथित चोट की हकीकत एक बार फिर सामने आई है। उनका एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें देखा जा सकता है कि वह अपने प्लास्टर लगे पैर को आराम से हिला रही हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान नंदीग्राम में नामांकन दाखिल करने के बाद जनसंपर्क के दौरान सीएम ममता बनर्जी कथित तौर पर घायल हो गई थीं। उसके बाद से भाजपा और अन्य विपक्षी पार्टियां लगातार आरोप लगा रही थीं कि ममता बनर्जी चोट लगने का नाटक कर रही हैं ताकि सहानुभूति बटोर सकें। घायल होने के बाद सीएम ममता बनर्जी अस्पताल में भर्ती हुई थीं और पैर में प्लास्टर लगा हुआ है, लेकिन वह व्हील चेयर पर से ही चुनाव प्रचार कर रही हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा हैं, जिसमें वह प्लास्टर लगे पांव को हिलाते हुए दिख रही हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तृणमूल सुप्रीमो एक टेबल के सामने कुर्सी पर बैठी हुई हैं और बड़े आराम से अपने उस पांव को ऊपर-नीचे उछाल और हिला रही हैं, जिसमें उन्हें चोटें आने की बात कही गई थी। वीडियो में एक मौका तो ऐसा आता है, जब वो अपने दूसरे वाले पांव को चोटिल पांव के ऊपर चढ़ा देती हैं और तब भी उन्हें किसी प्रकार की तकलीफ होते नहीं दिख रहा है। सोशल मीडिया में ममता बनर्जी के वीडियो को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां सामने आ रही हैं। वाट्सऐप्प पर भी यह वीडियो खूब शेयर किए जा रहे हैं और कहा जा रहा है खेला होचे….इसे लेकर भाजपा नेता प्रणय राय ने भी अपने फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया है। भाजपा के अन्य नेताओं ने भी इस वीडियो को साझा कर ममता बनर्जी की चोट की हकीकत पर सवाल खड़ा किया है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा




