राजगढ़, 11 मार्च (हि.स.)। महाशिवरात्रि के महापर्व पर जिले के नरसिंहगढ़ में पहाड़ी पर स्थित बड़े महादेव, छोटे महादेव मंदिर पर भगवान भोलेनाथ का आर्कषक श्रंगार किया गया। ब्यावरा नगर के अंजनीलाल धाम मंदिर पर भगवान ज्योर्तिलिंगेश्वर महादेव का भक्तों के द्वारा सामूहिक रुप से रुद्राभिषेक किया गया। राजगढ़ के खोयरी मंदिर से आर्कषक साज-सज्जा के साथ भगवान भोलेनाथ की बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयकारों के साथ आनंद लिया। सुठालिया-ब्यावरा रोड़ पर घुरैल पहाड़ी स्थित महादेव मंदिर पर सुबह से ही भक्तों की कतारें देखी गई। ब्यावरा शहर के चंपालाल बगीची से श्रीमल्लिकार्जुन महादेव की बारात निकाली गई, जिसका जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। शहर के अंजनीलाल धाम मंदिर पर महाशिवरात्रि के पर्व पर भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें भजन गायक देवेन्द्र तोमर, सतीश अग्रवाल और माधुरी लिखाड़े भोपाल द्वारा सुमधुर प्रस्तुति की जावेगी। ब्यावरा के तहसील रोड़ स्थित मंदिर पर काशीविश्वनाथ महादेव का आर्कषक श्रंगार किया गया। प्रजापति समाज द्वारा भगवान भोलेनाथ की शोभायात्रा निकाली गई, जिसका भक्तों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/मनोज पाठक




