नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से सामने आया है। यहाँ एक स्कूल की प्रिंसिपल ने छात्रा और उसके माता-पिता के सामने न केवल उसे धमकाया, बल्कि यह तक कह डाला कि, तुझे अभी यहीं जान से मार दूंगी! धमकी भरे लहजे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियोहापुड़के पिलखुवा स्थित वीआईपी इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
चोटी खींचने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी देवेंद्र सिंह तौमर की बेटी प्रज्ञा तौमर इसी कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा है। आरोप है कि बीते दिन स्कूल की छुट्टी के समय प्रिंसिपल वीना शर्मा ने छात्रा प्रज्ञा को पीछे चोटी के बालों से पकड़कर खींचा और उसके मुंह पर चांटे मारे, साथ ही अभद्र व्यवहार किया। जब छात्रा ने घर जाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी, तो अभिभावक शिकायत करने विद्यालय पहुंचे।
प्रिंसिपल का रौद्र रूप कैमरे में कैद
अभिभावकों के सामने जब छात्रा की पिटाई का मुद्दा उठा, तो प्रिंसिपल वीना शर्मा बचाव करने लगीं और छात्रा पर स्कूल में आचरण सही नहीं रखने का आरोप लगाया। देखते ही देखते प्रिंसिपल इतनी आवेश में आ गईं कि उन्होंने छात्रा को खुली चेतावनी दे डाली।
वायरल वीडियो में प्रिंसिपल को यह कहते हुए सुना जा सकता है, यदि ये मुझसे बदतमीजी करेगी, या मेरा हाथ पकड़ेगी, तो मैं इसकी हत्या कर दूंगी! प्रिंसिपल की यह धमकी मोबाइल कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद छात्रा प्रज्ञा काफी डर गई है, और परिवार के लोग भी सन्न खड़े रह गए।
डीआईओएस ने दिया नोटिस, कार्रवाई की तैयारी
वीडियो वायरल होने के बाद डीआईओएस श्वेता पूठिया ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि यह घटना शिक्षा के क्षेत्र में कतई क्षम्य नहीं है।डीआईओएस ने बताया कि, वीआईपी इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल वीना शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि, यदि उनका उत्तर संतोषजनक नहीं मिलता है तो उनको प्रधानाचार्य के पद से हटने के लिए उनके प्रबंधक को पत्र लिख दिया जाएगा।शिक्षा विभाग की इस तत्परता से साफ है कि प्रिंसिपल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है।




