नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत की उम्मीदों का बड़ा झटका लगा है। महिला कुश्ती 50 किलोग्राम के फाइनल मुकाबले से पहले विनेश फोगाट को अधिक वजन के कारण फाइनल मुकाबले से पहले ही अयोग्य घोषित कर दिया गया है। गौरतलब है कि मंगलवार को ही उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में क्यूबा के लोपेज गुजमान को 5-0 से हराया था और ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं।
वजन ज्यादा होने से किया गया अयोग्य घोषित
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने इसकी पुष्टि की है। IOA ने बताया कि विनेश फोगाट का वजन ज्यादा था, जिसकी वजह से उन्हें अयोग्य घोषित किया गया है। संघ ने कहा कि भारतीय दल विनेश फोगाट के निकाले जाने के बाद से दुखी है। टीम ने रातभर बेहतर प्रयास किए, लेकिन उनका वजन आज सुबह 50 किलो से कुछ ग्राम अधिक था।
क्यूबा की पहलवान को हराकर फाइनल में की थी प्रवेश
बता दें कि मंगलवार को खेले गए मुकाबले में विनेश फोगाट ने क्यूबा की पहलवान को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश की थी। उससे पहले उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यूक्रेन की लिवाच उकसाना को 7-5 से हराया था। जिसके बाद महिला रेसलिंग के फाइनल में प्रवेश करने वाली वो पहली महिला बन गई थीं।
फाइनल में अमेरिका की सारा एन हिल्डब्रांड से होना था मुकाबला
फाइनल में विनेश फोगाट का आज अमेरिका की सारा एन हिल्डब्रांड से मुकाबला होना था। अमेरिका की इस पहलवान ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वो विश्व चैंपियनशिप में 2 सिल्वर मेडल और 2 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। यह मुकाबला देर रात 12.30 पर खेला जाना था।
मां से किया था गोल्ड मेडल का वादा
फाइनल में क्वालिफाई करने के बाद विनेश फोगाट ने अपनी मां के साथ वीडियो कॉल पर बात की थी। जिसमें उन्होंने देश के लिए स्वर्ण पदक लाने का वादा किया था। हालांकि अब वो इस मुकाबले से बाहर हो गई हैं। इस संबंध में विनेश फोगाट के चाचा महावीर फोगाट ने कहा है कि ओलंपिक का नियम सख्त होता है। अब इस संबंध में कुछ नहीं किया जा सकता।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in/





