नई दिल्ली, रफ्तार। पेरिस ओलंपिक 2024 की आधिकारिक शुरुआत आज होगी। भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से ओपनिंग सेरेमनी का आगाज होना है। इस बार की ओपनिंग सेरेमनी ओलंपिक के 128 वर्षों के इतिहास में सबसे अलग होगा। दरअसल, ओपनिंग सेरेमनी स्टेडियम में नहीं हो रही है। यह पेरिस में नदी पर होगी। शहर के बीच बहने वाली सीन नदी इस समारोह का मंच बनेगी। नदी में नाव पर बैठकर 205 देशों के एथलीट्स मार्च पास्ट का हिस्सा बनेंगे। ये खिलाड़ी 92 नावों पर बैठकर एफिल टावर की ओर रवाना होंगे। भारतीय दल में पीवी सिंधु महिला ध्वजवाहक होंगी। टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल पुरुष ध्वजवाहक रहेंगे।
लेडी गागा और डियोन करेंगी परफॉर्म
पेरिस ओलंपिक के आयोजकों द्वारा नहीं बताया गया है कि समारोह में कौन-कौन सेलिब्रिटी हिस्सा लेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पॉप स्टार लेडी गागा, सेलीन डियोन परफॉर्म कर सकती हैं। डियोन और गागा पेरिस पहुंच गई हैं। सेरेमनी के कोरियग्राफर मॉड ले प्लेडेक का कहना है कि नदी के ऊपर बने हर पुल पर डांसर्स रहेंगे। टीम में 3 हजार डांसर और कलाकार हैं।
स्पोर्ट्स 18 और दूरदर्शन पर लाइव टेलीकास्ट
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान सीन नदी के किनारे दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसका लाइव टेलीकास्ट स्पोर्ट्स 18 पर होगा। दूरदर्शन पर भी टेलीकास्ट देख सकते हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





