रायपुर, 25 जून (हि.स;)। भाजपा नेता रमन सिंह, सरोज पांडेय एवं अन्य के द्वारा आपातकाल के संदर्भ में दिये गये बयान का कांग्रेस ने कड़ा प्रतिवाद किया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि आपातकाल देश की तत्कालीन परिस्थितियों के अनुसार उठाया गया संवैधानिक कदम था। संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत तत्कालीन केन्द्र सरकार ने आपाताकल लगाया था। आपातकाल को देश की संसद की मंजूरी के बाद केन्द्रीय मंत्रिमंडल की सलाह पर राष्ट्रपति के द्वारा लगाया गया था। वर्तमान में भाजपा की केन्द्र सरकार तो पूरे देश में अघोषित और संविधानेत्तर आपातकाल लगा कर रखी है। असहमति के स्वर को दबाने के लिये केन्द्रीय जांच एजेंसियों सीबीआई और ईडी का धौंस विपक्ष के नेताओं को दिखाया जाता है। देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थाओं की स्वात्यता को नष्ट कर दिया गया है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार हुआ है कि देश की सर्वोच्च न्यायालय के चार न्यायधीशों को अपनी बात कहने मीडिया और देश की जनता के सामने आना पड़ा। चुनाव आयोग की निष्पक्षता संदिग्ध हो गयी। समाचार माध्यमों की स्वतंत्रता लगभग समाप्त की दी गयी। मोदी सरकार की मंशा और यशोगान समाचार चैनलों पर जबरिया थोपा गया एजेंडा बन गया है। देश के किसान 8 महिने से अधिक समय से सड़कों पर है, सरकार उनकी बात सुनने को तैयार नहीं। इससे बड़ा अलोकतांत्रिक कदम और आपातकाल क्या हो सकता है कि प्रजातंत्र की सबसे बड़ी पंचायत संसद के उच्च सदन में बिना बहस के पारित करवायें गये कानून को लागू करने की जिद में मोदी सरकार देश की 77 फीसदी आबादी किसानों की आवाज को अनसुनी कर रही है। लोकतांत्रिक आंदोलन के स्वर को दबाया जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/चंद्रनारायण शुक्ल




