सुकमा, 03 जून (हि.स.)। भाकपा के संभागीय संयोजक व पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने गुरुवार को प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि सिलगेर गोलीकांड की जांचके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बस्तर सांसद दीपक बैज के नेतृत्व में 09 सदस्यीय कमेटी बनाई है। कमेटी में बस्तर के 08 आदिवासी विधायक शामिल हैं। सरकार द्वारा बनाई गई जांच कमेटी पर विपक्ष में रहते कांग्रेस पार्टी हर मामलों में विधायक कवासी लखमा के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन करती थी। लेकिन इस कमेटी में स्थानीय विधायक व बस्तर के एकमात्र मंत्री कवासी लखमा के शामिल नहीं होने पर हैरानी जताते हुए कहा कि सिलगेर कोंटा विधानसभा का हीगांव होने के बावजूद कवासी लखमा को दूर रखा गया है। उन्होने कहा कि गोलीकांड के बाद से कई जनजातीय व सामाजिक संगठन सिलगेर में जबरन फोर्स का नया कैंप स्थापित किए जाने व गोलीकांड के विरोध में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समर्थन में दे चुके हैं। पर गोलीकांड के 17 दिन बाद भी स्थानीय विधायक कवासी लखमा ने अब तक चुप्पी साध रखी है। उन्होने कहा कि सिलगेर गोलीकांड के दिन मंत्री लखमा जिले में ही थे। घटना की जानकारी होने के अगले दिन वे रायपुर लौट गए। सिलगेर गोलीकांड मामले में 2 दिन बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ हुई बैठक में वे शामिल थे। जिसमें सरकार ने नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने की बात कही थी। हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे




