नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 339 रन का विशाल लक्ष्य चेज कर मात दी। यह महिला ODI का अब तक का सबसे सफल रनचेज माना जा रहा है।
इस जीत के साथ भारत ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में जगह बना ली है। अब मुकाबला होगा भारत बनाम साउथ अफ्रीका से। खास बात यह है कि दोनों टीमों ने अब तक वर्ल्ड कप नहीं जीता, यानी इस बार महिला क्रिकेट को नया विश्व चैंपियन मिलेगा।
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल मुकाबल
2 नवंबर (रविवार) को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच महिला वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला होगा। यह मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा, वहीं मैदान जहां भारत ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड जीत हासिल की थी। ऐसे में टीम इंडिया का आत्मविश्वास इस समय चरम पर है।
अब इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर भारत
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और साउथ अफ्रीकी कप्तान लौरा वान डेर वाट दोपहर 2:30 बजे टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगी, जबकि मैच की शुरुआत 3 बजे से होगी। फाइनल में स्टेडियम खचाखच भरा रहने की उम्मीद है, क्योंकि भारत अब इतिहास रचने से सिर्फ एक कदम दूर है।
थोड़ा उतार-चढ़ाव रहा है भारतीय टीम का सफर
साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें टीम ने 7 में से 5 मुकाबले जीते और 2 में हार झेली। दूसरी ओर, भारत का ग्रुप स्टेज थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहा, लेकिन टीम ने सही वक्त पर फॉर्म पकड़ ली। भारत ने 7 में से 3 मैच जीते, 3 में हार का सामना किया और 1 मैच टाई रहा।
हालांकि, सेमीफाइनल में भारत की ऑस्ट्रेलिया पर जीत ने पूरी कहानी बदल दी। टीम ने 8 साल से अजेय रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को मात दी। इस मुकाबले में जेमिमा रोड्रिग्स ने 118 गेंदों में 136 रन की धमाकेदार पारी खेलकर शानदार शतक जड़ा।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी तेजतर्रार पारी खेलकर टीम को जीत की राह पर बनाए रखा। हरमनप्रीत और जेमिमा की बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।
इस जीत ने भारतीय टीम के लिए इतिहास रचने का मार्ग खोल दिया है। टीम का आत्मविश्वास चरम पर है और अब पूरी निगाहें फाइनल में पहली बार विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर टिकी हैं।




