नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारी बढ़त के साथ महिला वनडे विश्व कप 2025 की इनामी राशि का ऐलान किया है। आईसीसी के द्वारा उठाया गया यह कदम महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। महिला खिलाड़ियों को नया उत्साह देने वाला साबित होगा। अब दुनिया भर की निगाहें इस मेगा टूर्नामेंट पर टिकी हैं।
महिला वनडे विश्व कप 2025 का आगाज़ 30 सितंबर से होगा और फाइनल 2 नवंबर को खेला जाएगा। उद्घाटन मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी में होगा। टूर्नामेंट के लिए पांच स्थलों को चुना गया है—गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापट्टनम (भारत) और कोलंबो (श्रीलंका)।
प्राइज मनी में 4 गुना इजाफा
ICC ने महिला विश्व कप 2025 के लिए कुल इनामी राशि 13.88 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 115 करोड़ रुपये) तय की है। यह 2022 में न्यूज़ीलैंड में हुए पिछले संस्करण से 239% अधिक है, जब कुल प्राइज मनी सिर्फ 3.5 मिलियन डॉलर थी। यह पहल महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
इस टूर्नामेंट की खास बात यह है कि महिला वनडे विश्व कप 2025 का प्राइज पूल 13.88 मिलियन डॉलर रखा गया है, जो पुरुषों के वनडे विश्व कप 2023 (10 मिलियन डॉलर) से भी अधिक है।
विजेता टीम को मिलेगा बंपर पैसा
इस बार विश्व कप 2025 की विजेता टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 37 करोड़ रुपये) मिलेंगे। यह इनामी राशि 2022 में चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को मिली 1.32 मिलियन डॉलर से 239% अधिक है। यह बढ़ोतरी महिला क्रिकेट के बढ़ते महत्व और खिलाड़ियों की मेहनत को सम्मान देने का प्रतीक है।
पुरुष के वनडे विश्व कप 2023 के विनर अवॉर्ड से ज्यादा
दिलचस्प पहलू यह है कि महिला वनडे विश्व कप 2025 की विजेता टीम को 4.48 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जो पुरुषों के वनडे विश्व कप 2023 के विजेता पुरस्कार (4 मिलियन डॉलर) से भी अधिक है। यह बदलाव महिला क्रिकेट के बढ़ते कद और खेल में समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
सेमीफाइनलिस्ट को भी बड़ी राशि
महिला वनडे विश्व कप 2025 की उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन अमेरिकी डॉलर मिलेंगे, जो 2022 में इंग्लैंड को मिले 6 लाख डॉलर से 273% अधिक है। वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर दिए जाएंगे, जो पिछले संस्करण की तुलना में लगभग तीन गुना ज्यादा है।




