नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैपिंयस ट्रॉफी 2025 का फाइलन मुकाबला रविवार को दुबई में खेला गया। भारत ने इस मुकाबले में जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट पाकिस्तान की मेज़बानी में खेला गया था। हालांकि, मैच खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में PCB का एक भी अधिकारी नहीं दिखा। इसे लेकर एक नया विवाद शुरू हो गया है। PCB का आरोप है कि अधिकारी दुबई क्रिकेट स्टेडियम में मौजूद थे, इसके बावजूद ICC ने उन्हें पोडियम पर आमंत्रित नहीं किया। पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने इसे लेकर आश्चर्य व्यक्त किया और सवाल उठाया है।
जानिए क्या है पूरा विवाद
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और टूर्नामेंट के निदेशक सुमैर अहमद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। लेकिन उन्हें समापन समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा था। और बाद में उसे दुबई के साथ सह-मेजबानी करनी पड़ी, क्योंकि बीसीसीआई ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा करने से मना किया था।
सूत्र ने कहा, ‘पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी कुछ कारणों से दुबई नहीं जा सके। लेकिन पीसीबी के सीईओ को इस समापन प्रस्तुति में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा गया था। लेकिन समापन समारोह के दौरान पीसीबी अधिकारी को पोडियम पर नहीं बुलाया गया। इस सेरेमनी में ICC चेयरमैन जय शाह, बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी और सचिव देवजीत सैकिया ने खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और जैकेट दिए।’
पीसीबी का कोई प्रतिनिधि पोडियम पर नहीं पहुंचा
आईसीसी इवेंट में परंपरा रही है कि टूर्नामेंट के मेजबानों को पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित रहने के लिए कहा जाता है। हालांकि, इस अवसर पर चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पीसीबी की ओर से उनका कोई प्रतिनिधि पोडियम पर नहीं था। वहीं पीसीबी से उम्मीद है कि वह आईसीसी के साथ इस मामले को उठाएगा कि उसके सीईओ को समापन समारोह के लिए मंच पर क्यों नहीं बुलाया गया। साथ ही इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने दुख जताया है। उन्होने कहा कि, आईसीसी की हरकत से हैरान हूं कि आखिरकार ऐसा क्या हुआ।
शोएब अख्तर ने जताया दुख
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भी टूर्नामेंट के फाइनल के बाद मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में पीसीबी अधिकारियों की अनुपस्थिति पर चिंता व्यक्त की है और प्रेजेंटेशन सेरेमनी में पीसीबी की गैर-मौजूदगी पर भी सवाल उठाया है। अख्तर ने एक वीडियो जारी कर कहा, हिंदुस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी जीती है, लेकिन मैंने देखा कि फाइनल के बाद पीसीबी का कोई प्रतिनिधि नहीं था। चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा था। मुझे यह समझ में नहीं आया ट्रॉफी देने के लिए (पीसीबी से) कोई क्यों नहीं था? यह मेरी समझ से परे है। यह काफी दुखद है’।




