नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। मैच के स्टार रहे युवा ओपनर अभिषेक शर्मा, जिन्होंने 39 गेंदों पर तूफ़ानी 74 रन जड़े। उनकी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 19वें ओवर में 172 रनों का लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मैच में भारत-पाक भिड़ंत के दौरान माहौल गरमा गया। रनचेज के बीच अभिषेक शर्मा की नोकझोंक शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ से हो गई। मैच के बाद अभिषेक ने कहा कि, पाकिस्तानी खिलाड़ी बेवजह उकसा रहे थे, जिसका जवाब उन्होंने बल्ले से देकर दिया।
पाकिस्तानी गेंदबाजों पर भड़के अभिषेक
मैच के बाद अभिषेक शर्मा ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने बिना वजह उकसाया, जो उन्हें नागवार गुज़रा। उन्होंने आक्रामक अंदाज़ में जवाब देने की बात कही। अभिषेक ने यह भी बताया कि शुभमन गिल के साथ उनकी लंबे समय से साझेदारी रही है और साथ खेलना हमेशा मज़ेदार अनुभव होता है।
टीम का समर्थन सबसे बड़ी ताकत
टीम इंडिया के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने कहा कि, टीम का समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे हर बार उसी जज़्बे के साथ मैदान पर उतरते हैं और पूरी मेहनत करते हैं। उनका मानना है कि अगर दिन उनका हो, तो मैच जीताकर ही मैदान छोड़ना चाहते हैं।
शुरुआती बढ़त ने जीत आसान की
भारत ने रनचेज की शुरुआत तेज़ रफ्तार में की और पावरप्ले में 69 रन बना लिए। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर 10 ओवर से पहले ही शतक की साझेदारी पूरी कर दी, जिसने टीम को मजबूत शुरुआत दी। भले ही बाद में 4 विकेट गिरे, लेकिन शुरुआती बढ़त ने जीत आसान कर दी।
सुपर-4 में मजबूत स्थिति में भारत
पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 171 रन बनाए, जिसमें भारतीय फील्डिंग की कमजोरियां साफ दिखीं। टीम इंडिया ने चार आसान कैच टपकाए, जिनमें अभिषेक शर्मा ने साहिबजादा फरहान को जीवनदान दिया और उन्होंने 58 रन जोड़े। कुलदीप यादव और शुभमन गिल से भी कैच छूटे। इसके बावजूद भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज कर सुपर-4 में अपनी स्थिति मजबूत की।





