नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह हाल ही में सोशल मीडिया पर विवादों में आ गए हैं। एक X यूजर ने उन्हें खालिस्तान का समर्थक बताया और उन्हें चुनौती दी कि यदि वे सच्चे देशभक्त हैं, तो ‘खालिस्तान मुर्दाबाद’ बोलकर दिखाएं। इस बयान से हरभजन सिंह भड़क गए और उन्होंने इस यूजर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब हरभजन सिंह ने 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में हुई हिंसा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देते हुए इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की। इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट लेकर ‘Randomsena’ नामक X यूजर ने हरभजन सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अगर हरभजन देशभक्त हैं तो ‘खालिस्तान मुर्दाबाद’ लिखकर पोस्ट करें। हरभजन सिंह ने इस पोस्ट का कड़ा जवाब दिया और ‘Randomsena’ यूजर को मानसिक रूप से बीमार बताया। उन्होंने उस यूजर की पुरानी पोस्ट का जिक्र करते हुए पूछा कि वह किस विचारधारा का है, क्योंकि उसने अयोध्या के हिंदुओं को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
[EMBED]
तू किस तरफ का है ? जो हमारे अयोध्या के हिन्दू भाईओ को गलत बोल रहा है । मुझे तेरी दिमाग़ी हालत से ज़्यादा तेरे देशद्रोही होने पर शक है https://t.co/1fn5aIDvcy pic.twitter.com/6chapTpfME
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) February 25, 2025
[EMBED]
तेरी यह गंदी भाषा से यह बात तो पक्की है तू कोई घुसपैठिया है । क्योंकि हमारे यहाँ ऐसे बात नहीं करते। बाकी जो तूने कूल बनने के लिए गालियाँ मुझे बकी है उसकी रिकार्डिंग कर ली गई थी । और FIR करवा दी गई है https://t.co/kQ5F7mKRIf
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) February 25, 2025
पुलिस में शिकायत और कानूनी कार्रवाई
हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने इस यूजर की गालियों और धमकियों की रिकॉर्डिंग कर ली है और पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और मानसिकता देश के लिए खतरनाक है। हरभजन सिंह के समर्थन में कई लोग आगे आए। एक यूजर ने लिखा, “क्या किसी को अपनी देशभक्ति साबित करने के लिए जबरन कोई बयान देना पड़ेगा? यह लोकतंत्र के लिए खतरा है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “लोगों को यह समझना चाहिए कि हरभजन अब सिर्फ एक पूर्व क्रिकेटर नहीं बल्कि राज्यसभा सांसद भी हैं। ऐसे बयान देने वालों को अब सावधान रहना चाहिए।
खालिस्तान की मांग क्या है?
सिख कट्टरपंथी और अलगाववादी लंबे समय से खालिस्तान नामक एक अलग देश की मांग कर रहे हैं। हालांकि, भारत में खालिस्तान आंदोलन लगभग खत्म हो चुका है, लेकिन विदेशों में बैठे कुछ लोग अब भी इसे हवा देने की कोशिश कर रहे हैं। वे सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पंजाब के युवाओं को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।





