नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज और टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने भारत के आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में दुबई में ही सभी मैच खेलने के फैसले पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि इससे भारतीय टीम को बड़ा फायदा मिला है। हालांकि, बाद में उन्होंने इस बयान से किनारा कर लिया और कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
भारत ने सेमीफाइनल में बनाई जगह
भारत ने बांग्लादेश और पाकिस्तान को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम का आखिरी ग्रुप मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ होगा, जो अब तक पाकिस्तान में अपने मैच खेल रही थी।
कमिंस ने मीडिया रिपोर्ट पर जताई नाराजगी
ऑस्ट्रेलियाई डिजिटल खेल मंच ‘कोड क्रिकेट’ ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि पैट कमिंस ने भारत को एक ही वेन्यू पर खेलने का फायदा मिलने की आलोचना की थी और इसे ‘तमाशा’ करार दिया था। हालांकि, कमिंस ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा।
‘मैंने ऐसा कभी नहीं कहा’ – कमिंस
कमिंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैंने निश्चित रूप से ऐसा कभी नहीं कहा।” उनके इस बयान के बाद ‘कोड क्रिकेट’ ने अपनी पोस्ट हटा दी। पाकिस्तान में सुरक्षा चिंताओं के चलते भारत ने वहां जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद बीसीसीआई, पीसीबी और आईसीसी के बीच समझौता हुआ कि भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी। वहीं, अन्य टीमों को पाकिस्तान और दुबई के बीच यात्रा करनी पड़ रही है। पैट कमिंस इस टूर्नामेंट में चोट की वजह से हिस्सा नहीं ले रहे हैं। वह टखने की चोट से उबर रहे हैं और आईपीएल 2025 में वापसी की तैयारी कर रहे हैं। इस दौरान उनके घर नन्हीं परी का जन्म भी हुआ है, जिससे वे परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही गेंदबाजी शुरू करेंगे।





