नई दिल्ली, रफ्तार। पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं टीम इंडिया के हेड कोच रह चुके अंशुमान गायकवाड का बुधवार की देर रात निधन हो गया। वो 71 साल के थे। उन्हें लंबे समय से ब्लड कैंसर था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उनके इलाज के लिए 1 करोड़ रुपए की मदद की थी। 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्यों ने भी मदद की थी। उन्होंने जून 2024 में लंदन के किंग्स कॉलेज अस्पताल में ब्लड कैंसर का इलाज कराया था। इसके बाद वे भारत लौटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताया है।
गिफ्टेड खिलाड़ी थे अंशुमान : पीएम मोदी
PM ने X पर पोस्ट कर कहा कि अंशुमान को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। वे गिफ्टेड खिलाड़ी और बेहतरीन कोच थे। उनके निधन से बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं हैं। BCCI के सचिव जय शाह ने भी X पर पोस्ट कर लिखा-अंशुमान के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
गावस्कर के राइट हैंड थे गायकवाड़
अंशुमान दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर के ओपनिंग पार्टनर थे। उन्हें सुनील गावस्कर का ‘राइट हैंड’ बताया जाता था। वो डिफेंसिव तकनीक के बैटर थे। उन्हें ‘द ग्रेट वॉल’ भी कहा जाता था। उन्होंने 1983-84 में जालंधर टेस्ट मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 201 रन बनाने के लिए 671 मिनट बल्लेबाजी की थी। यह जमाने का फर्स्ट क्लास क्रिकेट का सबसे धीमा दोहरा शतक था।
गेंद गायकवाड के कान पर लगी थी, ले जाना पड़ा था अस्पताल
भारतीय टीम नेसाल 1976 में वेस्टइंडीज दौरे पर सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में माइकल होल्डिंग की एक गेंद गायकवाड के कान पर जा लगी थी। उन्हें अस्पताल जाना पड़ा था। जून 2018 में BCCI ने गायकवाड को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया था। अंशुमान के पिता दत्ता गायकवाड भी क्रिकेटर थे। उन्होंने 11 टेस्ट मैच खेले हैं। वे 1959 में कैप्टन भी थे।
टीम इंडिया के लिए खेले 40 टेस्ट मैच
अंशुमान ने इंडिया के लिए 40 टेस्ट मैच और 15 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने 27 दिसंबर 1974 को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट से डेब्यू किया था। उन्होंने 1984 में कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच खेला था। गायकवाड़ ने टेस्ट कॅरियर में 30.07 की औसत से 1985 रन बनाए थे। इसमें 2 शतक, 10 अर्धशतक शामिल हैं। उनका बेस्ट स्कोर 201 रहा। यह पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था।
15 वनडे मैच खेलकर बनाए थे 269 रन
उन्होंने 15 वनडे मैचों में 20.69 की औसत से 269 रन बनाए थे। 206 फर्स्ट क्लास मैचों में 41.56 की औसत से 12136 रन और 34 शतक और 47 अर्धशतक जड़े थे। उनका बेस्ट स्कोर 225 रहा। गायकवाड ने 55 लिस्ट-ए मुकाबले खेलकर 32.67 की औसत से 1601 रन बनाए।
1997 से 1999 तक हेड कोच रहे
गायकवाड के कॅरियर में 22 साल के 205 प्रथम श्रेणी मैच शामिल हैं। गायकवाड 1997-99 भारतीय टीम के हेड कोच थे। उनकी कोचिंग में टीम साल 2000 में ICC चैंपियंस ट्रॉफी की उप विजेता रही। 1999 में फिरोजशाह कोटला के टेस्ट मैच शामिल में अनिल कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लिए थे।




