नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में जब दिग्गज खिलाड़ियों की चर्चा होती है, तो अक्सर नजरें रन बनाने वालों और विकेट लेने वाले गेंदबाजों पर टिक जाती हैं। लेकिन इस तेज फॉर्मेट में कई मुकाबलों का फैसला फील्डिंग ने भी बदला है। मैदान पर लपके गए शानदार कैच न केवल विपक्षी टीम की लय तोड़ते हैं, बल्कि पूरी टीम में नया जोश भर देते हैं। टी20 वर्ल्ड कप के सफर में कुछ खिलाड़ी ऐसे भी रहे हैं, जिन्होंने अपनी चुस्ती-फुर्ती और बेहतरीन कैचिंग से अलग पहचान बनाई। इन खिलाड़ियों ने सिर्फ बल्ले या गेंद से नहीं, बल्कि फील्डिंग के दम पर भी अपनी टीम को अहम मौकों पर सफलता दिलाई है।
डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यदा कैच लेने वालों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर शीर्ष पर मौजूद हैं। वॉर्नर ने 2009 से 2024 के बीच खेले गए टूर्नामेंट मुकाबलों में कुल 25 कैच अपने नाम किए हैं। उन्होंने यह कारनामा 41 मैचों में पूरा किया। सलामी बल्लेबाज़ के रूप में पहचान बनाने वाले वॉर्नर फील्डिंग में भी उतने ही असरदार रहे हैं। उनकी फुर्ती और मजबूत ग्रिप उन्हें मैदान पर भरोसेमंद खिलाड़ी बनाती है। चाहे बाउंड्री के पास हवा में उड़ता कैच हो या इनर सर्कल में, वॉर्नर ने कई बार अपनी कैचिंग से मैच का रुख बदल दिया है।
एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका)
बेहतरीन फील्डिंग की बात हो और एबी डिविलियर्स का नाम न आए, ऐसा मुश्किल है। साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान डिविलियर्स ने सिर्फ 30 मुकाबलों में 23 कैच लपककर इस सूची में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। असाधारण एथलेटिक क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले डिविलियर्स को दुनिया के सबसे शानदार फील्डर्स में शुमार किया जाता है। उनकी रफ्तार, बेहतरीन जजमेंट और एक हाथ से मुश्किल कैच पकड़ने की कला आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में ताजा है। चाहे विकेट के पीछे जिम्मेदारी हो या आउटफील्ड में छलांग लगानी हो, उन्होंने हर भूमिका में अपनी फील्डिंग से खास छाप छोड़ी है।
ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल ने भी फील्डिंग के दम पर खास पहचान बनाई है। मैक्सवेल ने 31 मुकाबलों में कुल 23 कैच पकड़कर इस सूची में अपना स्थान मजबूत किया है। उनकी फील्डिंग की सबसे बड़ी ताकत उनकी तेज प्रतिक्रिया और हवा में छलांग लगाकर कैच लपकने की काबिलियत है। कई मौकों पर मैक्सवेल ने ऐसे असंभव से लगने वाले कैच पकड़े हैं, जिन्हें देखकर दर्शक हैरान रह गए।
रोहित शर्मा (भारत)
सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ियों की इस सूची में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का नाम भी दर्ज है। रोहित ने अब तक खेले गए 47 मुकाबलों में 21 कैच अपने नाम किए हैं। भले ही उनकी पहचान एक भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में हो, लेकिन फील्डिंग में भी उन्होंने कई अहम मौकों पर टीम इंडिया को फायदा पहुंचाया है। स्लिप में तेज रिफ्लेक्स हों या आउटफील्ड में सुरक्षित फील्डिंग, बड़े मुकाबलों में रोहित का अनुभव साफ तौर पर दिखाई देता है और विपक्षी टीम पर दबाव बनाता है।
मार्टिन गप्टिल (न्यूजीलैंड)
बेहतरीन फील्डिंग में मार्टिन गप्टिल का नाम भी शामिल है। न्यूजीलैंड के इस दिग्गज खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में 28 मुकाबलों के दौरान 19 कैच लपककर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। गप्टिल अपनी ताकतवर थ्रो और बाउंड्री लाइन के पास लपके गए शानदार कैच के लिए जाने जाते रहे हैं। कई मौकों पर उनकी चुस्ती और सटीक फील्डिंग ने विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेरा और न्यूजीलैंड को निर्णायक बढ़त दिलाई।





