नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता। खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती और पहली बार अपने ही घर में विश्व चैंपियन बना।
भारत को मिली 27.5 करोड़ रुपये की प्राइज मनी
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर यानी करीब 27.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि मिली। यह रकम पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दी जाती है और बाद में खिलाड़ियों के बीच बोनस, मैच फीस और अन्य इनाम के रूप में बांटी जाती है। फाइनल में हार के बावजूद न्यूजीलैंड को भी बड़ी प्राइज मनी मिली। रनर-अप टीम के तौर पर न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 14.7 करोड़ रुपये दिए गए।
सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को भी मिला इनाम
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को भी अच्छी-खासी रकम मिली। दोनों टीमों को 7.9 लाख डॉलर यानी करीब 7.24 करोड़ रुपये की प्राइज मनी दी गई। सुपर-8 चरण तक पहुंचने वाली टीमों को भी इनाम दिया गया। जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज को 3.8 लाख डॉलर यानी करीब 3.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली। आईसीसी ने इस बार सभी 20 टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी इनाम दिया। अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड, इटली, नामीबिया, नेपाल, नीदरलैंड्स, ओमान, स्कॉटलैंड, यूएई और अमेरिका को 2.5 लाख डॉलर यानी करीब 2.3 करोड़ रुपये दिए गए। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने फाइनल में 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।





