नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। एजबेस्टन टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बल्ले से इतिहास रच दिया है। गिल ने पहली पारी में 269 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली, जो उनके टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक रहा। उन्होंने 387 गेंदों में 30 चौकों और 3 छक्कों की मदद से ये स्कोर बनाया। गिल की इस पारी की बदौलत भारत ने पहली पारी में 587 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
गिल ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
इस धमाकेदार पारी के दौरान शुभमन गिल ने 10 से ज्यादा रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज़ बनने का गौरव हासिल किया, जो अब तक सचिन तेंदुलकर (241)* के नाम था। इसके अलावा टेस्ट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बन गए। इंग्लैंड में 250+ रन बनाने वाले तीसरे कप्तान बने। डबल सेंचुरी जड़ने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय बने। इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन टेस्ट शतक जड़ने वाले चौथे भारतीय बने।
‘IPL के दौरान ही कर रहा था खास तैयारी’ – शुभमन गिल
मैच के दूसरे दिन के बाद शुभमन गिल ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क से बातचीत में कहा, “IPL के आखिरी चरण में मैं टेस्ट क्रिकेट की तैयारी कर रहा था और अब लग रहा है कि मेहनत रंग लाई है। मैंने खास चीजों पर काम किया था जो इस पारी में देखने को मिला।
इंग्लैंड पर भारत की पकड़ मजबूत, फॉलोऑन का खतरा
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड की टीम 3 विकेट पर 77 रन ही बना सकी है और अभी भी 510 रन पीछे है। आकाश दीप ने तीसरे ओवर में लगातार दो विकेट लेकर इंग्लैंड को झटका दिया, मोहम्मद सिराज ने ज़ैक क्रॉली को आउट कर तीसरा झटका दिया। अब तक भारत ने एजबेस्टन में कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है, लेकिन इस बार टीम मजबूत स्थिति में है। शुभमन गिल की कप्तानी और बेहतरीन बल्लेबाज़ी ने टीम को जीत के दरवाज़े तक पहुंचा दिया है।




