नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद टी20 मैच में गिल ने तूफानी पारी खेली। न्यूजीलैंड के खिलाफ शुभमन गिल ने 63 बॉल पर 126 रनों की आतिशी पारी खेली। गिल ने 35 बॉल पर फिफ्टी लगाई थी। इसके बाद अगली 19 बॉल पर शतक पूरा कर लिया। अपनी इस पारी के दौरान शुभमन गिल ने 7 छक्के और 12 चौके जमाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। गिल ने टेस्ट में एक और वनडे में 4 शतक लगाए हैं। अब उन्होंने टी20 में भी शतक जमा दिया है। उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में डबल सेंचुरी और एक शतक जमाया था। अब कीवी टीम के खिलाफ ही टी20 में शतक जमा दिया है।
कोहली-रोहित को छोड़ा पीछे
टी20 इंटरनेशनल में गिल सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए हैं। उन्होने इस मामले में पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। गिल से पहले कोहली, रोहित के अलावा सुरेश रैना, सूर्यकुमार यादव, केएल राहुल और दीपक हु्ड्डा भारत की तरफ से टी20 में शतक लगा चुके हैं।




