नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन एक बार फिर जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर धवन फरवरी के तीसरे हफ्ते में अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से शादी करने वाले हैं. दोनों काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और अब रिश्ते को शादी का नाम देने जा रहे हैं।
दिल्ली-NCR में होगी शानदार शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिखर धवन और सोफी शाइन की शादी दिल्ली-NCR में बड़े सेलिब्रेशन के साथ होगी. इसमें क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और खुद शिखर धवन इन तैयारियों पर खास ध्यान दे रहे हैं। एक करीबी सूत्र के अनुसार, “यह दोनों के लिए नई शुरुआत है और वे इसे खास बनाना चाहते हैं। शिखर हर छोटी-बड़ी तैयारी खुद देख रहे हैं।
चैंपियंस ट्रॉफी में साथ दिखने से शुरू हुई थीं चर्चाएं
धवन और सोफी के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तब तेज हुईं जब ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान दोनों को स्टैंड में साथ देखा गया. उस समय लोग सोफी को ‘मिस्ट्री वुमन’ मान रहे थे, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पोस्ट और पब्लिक अपीयरेंस से उनका रिश्ता साफ हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिखर और सोफी की मुलाकात कुछ साल पहले दुबई में हुई थी. पहले दोनों दोस्त बने और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई. IPL 2024 के दौरान भी सोफी को कई बार शिखर के साथ देखा गया।
पहली शादी और तलाक का सफर
शिखर धवन की पहली शादी ऑस्ट्रेलिया की आयशा मुखर्जी से हुई थी. आयशा उनसे उम्र में 10 साल बड़ी हैं और किक बॉक्सर हैं. दोनों की शादी 2012 में हुई थी और उनका एक बेटा जोरावर धवन है। सितंबर 2021 में दोनों अलग हो गए थे और 2023 में तलाक को मंजूरी मिली थी।
कौन हैं सोफी शाइन?
सोफी शाइन आयरलैंड की प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं। उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। पहले आयरलैंड के कैसलरॉय कॉलेज में पढ़ चुकी हैं। फिलहाल वह अबू धाबी स्थित नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉर्पोरेशन में सेकंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर काम कर रही हैं। सोफी लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन अपने ग्लैमरस लुक और स्टाइलिश अंदाज के कारण सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं। शिखर धवन के फैंस इस खबर से काफी खुश हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं। अब सभी को फरवरी में होने वाली इस ग्रैंड वेडिंग का बेसब्री से इंतजार है।




