नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । 12 साल के लंबे इंतजार बाद भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतकर एक बार फिर इतिहास रच दिया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई में खेला गया। इस मैच में रोहित शर्मा ने धमाकेदार अर्धशतक जमाया। उन्होंने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई और गेंदबाजों की जमकर खबर ली। इस मैच में रोहित ने कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम किए। अब रोहित ने सचिन तेंदुलकर का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये पुरान रिकॉर्ड
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में 25 रन बनाते ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरअसल, सचिन ने भारत की ओर से कप्तानी करते हुए 73 मैचों में 2454 रन बनाए थे। ऐसे में रोहित शर्मा ने इस फाइनल मुकाबले में अर्धशतक जड़कर सचिन का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। अब रोहित वनडे में बतौर कप्तान सचिन से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने 56 वनडे मैच में अपने 2500 रन पूरे किए और इस तरह उन्होंने सचिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
12 साल बाद फिर जीत
इसके अलावा टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा ने वनडे प्रारूप में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने 1 हजार वनडे रन भी पूरे किए। हिटमैन ने 83 गेंदों में 76 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के भी अपने नाम किए थे। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड ने चार विकेट से हराया। इस जीत के साथ भारत ने 12 का सूखा भी खत्म किया। इससे पहले भारत महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।
आखिर तक रोमांचक बना रहा मैच
इस फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 251 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम ने टारगेट का पीछा करने उतरी और महज 49 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित के अलावा भारत की ओर से श्रेयस अय्यर ने 48 रनों की पारी खेली। इसके अलावा केएल राहुल ने 34 रनों की नाबाद पारी खेली। अपने इस शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने ये चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को अपने नाम कर लिया।




